बलिया, 10 फ़रवरी (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के बलिया में हल्दी थाना क्षेत्र के भरसौंता में सोमवार की रात एक युवक को उसके ही जानने वाले मनबढ़ युवक ने गोली मार दी। घायल युवक को पहले जिला अस्पताल ले जाया गया। फिर वहां से उसे ट्रामा सेंटर वाराणसी रेफर कर दिया गया। घटना के पीछे आपसी विवाद बताया जा रहा है।

एएसपी (दक्षिणी) कृपाशंकर ने मंगलवार सुबह बताया कि सोमवार की रात हल्दी थाने पर पीआरबी द्वारा सूचना दी गई कि एक व्यक्ति को गोली मार दी गई है। इस सूचना पर तत्काल स्थानीय पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर एंबुलेंस बुलाया। घायल युवक को फौरन जिला अस्पताल भिजवाया गया। जहां पर उसे बेहतर इलाज हेतु ट्रामा सेंटर बीएचयू के लिए रेफर कर दिया गया है। उन्होंने कहा कि घायल युवक से पूछताछ की गई तो उसने अपना नाम आयुष सिंह पुत्र अभिमन्यु सिंह निवासी ग्राम भरसौता थाना हल्दी बताया। एएसपी के अनुसार युवक को आपसी विवाद में गोली मारे जाने की जानकारी सामने आ रही है। उन्होंने बताया कि आरोपित की गिरफ्तारी के लिए तीन टीमों का गठन कर दिया गया है। मौके पर शांति व्यवस्था की कोई समस्या नहीं है। घायल युवक के परिजनों से मिली तहरीर के आधार पर कार्रवाई की जा रही है।

—————
हिन्दुस्थान समाचार / नीतू तिवारी
