नई दिल्ली, 27 जनवरी (हि.स.)। मेट्रो स्टेशन की स्पेशल स्टाफ की टीम ने कश्मीरी गेट मेट्रो स्टेशन से 20 लाख के आभूषण से भरा बैग चोरी करने के मामले को सुलझाते हुए आभूषण से भरा बैग बरामद कर लिया है। दरअसल, चेकिंग के दौरान के महिला अपने बैग के साथ आभूषण से भरा बैग अपने साथ ले गई थी। पुलिस टीम सीसीटीवी फुटेज खंगालते हुए महिला तक पहुंची और बैग बरामद किया। पुलिस टीम महिला से पूछताछ कर मामले में आगे की कार्रवाई कर रही है।

मेट्रो यूनिट के उपायुक्त कुशल पाल सिंह के मुताबिक 22 जनवरी को पुलिस स्टेशन कश्मीरी गेट मेट्रो में 20 लाख रुपये के आभूषण से भरे बैग की चोरी की एफआइआर दर्ज हुई थी। जांच के दौरान चांदनी चौक मेट्रो स्टेशन के सीसीटीवी फुटेज में गुलाबी जैकेट और काली पैंट पहनी एक महिला ने ज्वेलरी बैग अपने कब्जे में लेते और मिलेनियम सिटी सेंटर की ओर जाने वाली मेट्रो ट्रेन में चढ़ती दिखी। आगे की जांच से पता चला कि महिला चांदनी चौक मार्केट में राधिका कलेक्शन नाम की दुकान का शापिंग बैग ले जा रही थी। दुकानदार से पूछताछ के बाद महिला को ट्रैक किया गया और उसे पकड़ लिया।

पूछताछ में उसने बताया कि वह अपने परिवार के सदस्यों के साथ खरीदारी करने चांदनी चौक मार्केट गई थी। मेट्रो स्टेशन पर बैगेज स्कैनिंग के दौरान वह गलती से अपने साथ एक अतिरिक्त बैग ले गई और उसे घर ले आई। पूछताछ के दौरान वह कोई संतोषजनक जवाब नहीं दे पाई कि उसने अपने ले जाए गए बैगेज के बारे में किसी को क्यों नहीं बताया। उसका बयान दर्ज कर आरोपित महिला के खिलाफ कानून के संबंधित नियमों के तहत कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
—————
हिन्दुस्थान समाचार / कुमार अश्वनी
