रायपुर, 07 फ़रवरी (हि.स.)।आम आदमी पार्टी ने प्रदेश में धान खरीदी की तिथि बढ़ाने की मांग को लेकर आगामी 10 फरवरी को मुख्यमंत्री निवास घेराव की चेतावनी दी है।

आम आदमी पार्टी के प्रदेश महासचिव वदूद आलम व विजय झा ने एक संयुक्त बयान जारी कर कहा कि एक-एक दाना धान खरीदने का वादा कर राज्य की सत्ता में आई भाजपा सरकार ने किसानों से रकबा समर्पण करवाया, टोकन के लिए इंतजार करवाया और आखिरी में कम धान की खरीद की।उन्होंने कहा कि आप नेताओं ने धान खरीद तिथि बढ़ाने की मांग की थी, किंतु सरकार ने केवल दो दिन ही वृद्धि की, जबकि आज भी लाखों किसान धान बेचने से वंचित हैं। नाराज पार्टी के नेताओं ने मुख्यमंत्री निवास घेरने का निर्णय लिया है।
मुख्यमंत्री निवास घेराव से पहले राजधानी के फायर ब्रिगेड चौक में धरना-प्रदर्शन प्रस्तावित है, जिसका नेतृत्व कार्यकारी प्रदेश अध्यक्ष उत्तम जायसवाल, देवलाल नरेटी एवं अभिषेक मिश्रा करेंगे।
हिन्दुस्थान समाचार / केशव केदारनाथ शर्मा
