


खड़गपुर, 09 अप्रैल (हि. स.)। रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) ने यात्रियों की सुरक्षा और सेवा के प्रति तत्परता दिखाते हुए विभिन्न स्टेशनों पर कई मामलों में खोया सामान बरामद कर उसे सुरक्षित लौटाया। ये सभी मामले ‘रेल मदद’ पर दर्ज शिकायतों के आधार पर सामने आए। गुरुवार शाम जारी प्रेस विज्ञप्ति में इसकी जानकारी दी गई।

मिली जानकारी के अनुसार ट्रेन संख्या 20832 में एक यात्री का मोबाइल फोन छूट जाने की शिकायत रेल मदद के माध्यम से प्राप्त हुई। शिकायत मिलने पर आरपीएफ पोस्ट खड़गपुर के एएसआई एस. मंडल ने शिकायतकर्ता जॉयश्री दास से संपर्क किया। उन्होंने बताया कि बालेश्वर स्टेशन पर उतरते समय उनका ओप्पो मोबाइल फोन कोच एस-चार में रह गया था। ट्रेन के खड़गपुर पहुंचने पर आरपीएफ कर्मियों ने कोच की तलाशी लेकर करीब 15 हजार रुपये मूल्य का मोबाइल फोन बरामद किया और आवश्यक सत्यापन के बाद उसे उसके वास्तविक मालिक को सौंप दिया।
इसी प्रकार एक अन्य मामले में ट्रेन संख्या 18402 (पुरी–बांगरीपोसी एक्सप्रेस) में छूटे एयरबैग की शिकायत मिली। निर्देश के अनुसार आरपीएफ पोस्ट बारिपदा के एएसआई जे.पी. साहू ने ट्रेन के पहुंचने पर बैग बरामद किया। शिकायतकर्ता ने फोटो के माध्यम से सामान की पुष्टि की और गुरुवार को लगभग पांच हजार रुपये मूल्य के सामान वाला बैग उचित सत्यापन के बाद शिकायतकर्ता के परिजन को सौंप दिया गया।
वहीं, सांतरागाछी में ट्रेन संख्या 22856 से एक एक्स-रे बैग बरामद किया गया, जिसमें महत्वपूर्ण दस्तावेज और कीमती सामान थे। आरपीएफ के एएसआई एस.के. सिंह और उनकी टीम ने बैग सुरक्षित रखकर उसी दिन आवश्यक सत्यापन के बाद मालिक को वापस कर दिया।
एक अन्य घटना में ट्रेन संख्या 38828 (मेदिनीपुर–हावड़ा लोकल) में छूटे बैग की शिकायत आरपीएफ पोस्ट टिकियापाड़ा को प्राप्त हुई। ड्यूटी पर तैनात आरपीएफ कर्मियों ने ट्रेन से बैग और टूलकिट बरामद किया। करीब छह हजार रुपये मूल्य के सामान को पहचान सुनिश्चित करने के बाद उसके मालिक को लौटा दिया गया।
—————
हिन्दुस्थान समाचार / अभिमन्यु गुप्ता
