हुगली, 02 मार्च (हि. स.)। चुनाव से पहले आलू किसानों की समस्याओं को लेकर सियासत तेज हो गई है। खेतों में आलू की उचित कीमत नहीं मिलने और भारी नुकसान का आरोप लगाते हुए सोमवार को भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने हुगली जिले में सोमवार को जोरदार विरोध प्रदर्शन किया। भाजपा कार्यकर्ताओं ने राज्य सरकार पर किसानों की उपेक्षा का आरोप लगाते हुए आरामबाग–कोलकाता दो नंबर राज्य सड़क जाम कर दी।

पुरशुड़ा मोड़ पर स्थानीय भाजपा विधायक बिमान घोष के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं और किसानों ने सड़क पर आलू फेंककर तथा टायर जलाकर विरोध जताया। इसके चलते मुख्य राज्य सड़क पूरी तरह अवरुद्ध हो गई, जिससे लंबे समय तक यातायात ठप रहा और यात्रियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। इस दौरान प्रदर्शनकारियों ने राज्य सरकार और मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।

प्रदर्शनकारी किसानों का आरोप है कि उन्हें 50 किलो आलू की बोरी मात्र 200 से 250 रुपये में बेचने के लिए मजबूर होना पड़ रहा है, जबकि प्रति बीघा खेती की लागत 30 से 32 हजार रुपये तक पहुंच चुकी है। ऐसे में लागत भी नहीं निकल पा रही और किसान कर्ज के जाल में फंसते जा रहे हैं।
किसानों का कहना है कि यदि जल्द न्यूनतम समर्थन मूल्य या सरकारी खरीद की व्यवस्था नहीं की गई, तो उनकी आर्थिक स्थिति और बदतर हो जाएगी।
भाजपा नेताओं ने आरोप लगाया कि राज्य सरकार पूरे मामले में उदासीन बनी हुई है और किसानों की सुध सिर्फ चुनाव के समय ही ली जा रही है। उनका कहना है कि यह आंदोलन किसानों के हक के लिए है और मांगें पूरी होने तक संघर्ष जारी रहेगा।
सूचना पाकर पुलिस मौके पर पहुंची और प्रदर्शनकारियों को समझाकर सड़क से हटाने की कोशिश की। काफी देर बाद यातायात धीरे-धीरे सामान्य हुआ। प्रशासनिक सूत्रों के अनुसार, कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए इलाके में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है।
—————
हिन्दुस्थान समाचार / धनंजय पाण्डेय
