आसनसोल, 19 मार्च (हि.स.)।

आसनसोल साउथ थाना अंतर्गत पंचपुलिया ब्रिज के पास एक पुलिस अधिकारी का एक महिला के साथ मारपीट करने का आरोप लगा है।
घटना के बारे में बताया गया कि एक महिला पंचपुलिया ब्रिज के पास से स्कूटी लेकर जा रही थी। तभी पुलिस अधिकारी संजय चक्रवर्ती दुर्गापुर से अपने कार पर जैनेक्स एग्जॉटिका आवास की ओर लौट रहे थे। पुल के पास ओवरटेक करने की कोशिश में कार चालक पुलिस अधिकारी हॉर्न बज रहे थे। लेकिन स्कूटी चालक महिला ने रास्ता नहीं दिया। जब महिला ने साइड नहीं दिया तो वह किसी प्रकार महिला को ओवरटेक करके आगे निकल गए और आगे जाकर स्कूटी रुकवाया। महिला बुर्का पहनी हुई थी। आरोप है कि पुलिस अधिकारी ने महिला को थप्पड़ मार दिया। उसे अपशब्द कहा तथा उसे थाने में शिकायत करने की धमकी दी।
महिला ने आरोप लगाया कि कार चालक उसे वक्त शराब के नशे में घूत था। महिला के साथ दुर्व्यवहार को लेकर वह गुस्सा हो गई और अपने परिजनों को फोन करके सारी बात बताई। जानकारी मिलते ही परिजन आस पड़ोस और इलाके के लोगों को लेकर मौके पर पहुंचे। इसके बाद दोनों पक्षों में कहासुनी हुई। पुलिस अधिकारी संजय चक्रवर्ती ने अभी घटना की जानकारी आसनसोल साउथ पीपी को दी।
मौके पर पहुंची पुलिस दोनों पक्षों को समझा-बूझाकर हटाने का प्रयास कर रही थी लेकिन महिला के साथ हुई बदतमीजी को लेकर वह लोग मान ही नहीं रहे थे। उनका कहना था कि पुलिस अधिकारी उनसे माफी मांगे। बाद में पुलिस अधिकारी आरोपित तथा महिला को लेकर थाने पहुंची। भीड़ भी पीछे-पीछे थाने तक पहुंच गई और रात के 12:00 के बाद करीब दो घंटे तक हाई वोल्टेज ड्रामा चलता रहा। अन्ततः पुलिस अधिकारी संजय चक्रवर्ती के माफी मांगने के बाद मामला रफा दफा हुआ।
—————
हिन्दुस्थान समाचार / संतोष विश्वकर्मा
