आसनसोल, 02 अप्रैल (हि.स.)।

महावीर जयंती के पावन अवसर पर आसनसोल महावीर स्थान मंदिर तथा आसनसोल कोर्ट स्थित संकट मोचन मंदिर में मंदिर कमेटी
द्वारा पूरे विधि-विधान के साथ भगवान हनुमान एवं समस्त देवी-देवताओं का पूजन-अर्चन किया गया। इस अवसर पर प्रभु श्रीराम के परम भक्त हनुमान जी को चांदी का गदा अर्पित कर विशेष पूजा कर उन्हें समर्पित किया गया।
मंदिर के प्रधान आचार्य सौरभ मिश्रा के सानिध्य में सभी धार्मिक अनुष्ठान विधिवत संपन्न हुए। पूजा के दौरान पूरे मंदिर परिसर में आध्यात्मिक वातावरण व्याप्त रहा। वातावरण पूरी तरह सात्विक बना रहा और श्रद्धालु भक्ति में लीन नजर आए।पूजा के उपरांत समिति की ओर से सभी श्रद्धालुओं के बीच प्रसाद वितरण किया गया।
इस धार्मिक अनुष्ठान को सफल बनाने में संस्था के अध्यक्ष सोमनाथ गोराई, उपाध्यक्ष रविंद्र पंसारी, सचिव अरविंद साव, कोषाध्यक्ष विवेक वर्णवाल, अंकित खेतान सहित सैकड़ों सदस्यों ने सक्रिय भूमिका निभाई।
—————
हिन्दुस्थान समाचार / संतोष विश्वकर्मा
