कटिहार, 10 फरवरी (हि.स.)। राष्ट्रीय सूचना विज्ञान केंद्र (एनआईसी), कटिहार द्वारा जिला प्रशासन और जिला साइबर पुलिस के सहयोग से इंटरनेट सुरक्षा दिवस का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम इलेक्ट्रॉनिक्स एवं सूचना प्रौद्योगिकी मंत्रालय (एमईआईटीवाई) के दिशा-निर्देशों के अनुरूप संपन्न हुआ।

इस अवसर पर दो साइबर जागरूकता शिविर आयोजित किए गए। पहला शिविर इंजीनियरिंग कॉलेज, कटिहार के ऑडिटोरियम में आयोजित किया गया, जिसमें इंजीनियर कॉलेज के विद्यार्थियों ने भाग लिया। शिविर में साइबर सुरक्षा, ऑनलाइन धोखाधड़ी से बचाव और सुरक्षित इंटरनेट उपयोग संबंधी जानकारी प्रदान की गई।

दूसरा शिविर समाहरणालय परिसर स्थित एनआईसी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग हॉल में आयोजित किया गया, जिसमें विभिन्न सरकारी विभागों के अधिकारियों और कर्मियों ने भाग लिया। शिविर में साइबर फ्रॉड से बचाव के उपायों की विस्तृत जानकारी प्रदान की गई।
इस सफल आयोजन में जिला सूचना विज्ञान पदाधिकारी, कटिहार अभिमन्यु के मार्गदर्शन और अपर जिला सूचना विज्ञान पदाधिकारी, कटिहार मुकेश कुमार मंडल के समन्वय में किया गया। आयोजन में वीरेंद्र कुमार, रूपेश कुमार और रोहित कुमार का भी सराहनीय सहयोग रहा।
इस आयोजन का उद्देश्य जिले में साइबर जागरूकता को बढ़ावा देना और ऑनलाइन सुरक्षा के महत्व के बारे में जागरूकता फैलाना था।
—————
हिन्दुस्थान समाचार / विनोद सिंह
