– नवीन भवन के निर्माण कार्य में तेजी लाने का किया अनुरोध

इंदौर, 10 अप्रैल (हि.स.)। मध्य प्रदेश के उप मुख्यमंत्री राजेन्द्र शुक्ल के इंदौर प्रवास पर आगमन के दौरान शुक्रवार को जल संसाधन मंत्री तुलसीराम सिलावट ने मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने उप मुख्यमंत्री शुक्ल से प्रदेश के स्वास्थ्य, जल आदि विषयों पर चर्चा की।
मंत्री सिलावट ने उप मुख्यमंत्री शुक्ल को बताया कि इंदौर का शासकीय चिकित्सा संस्थान महाराजा यशवंतराव चिकित्सालय प्रदेश का प्राचीनतम चिकित्सालय है, जिसमें चिकित्सा सुविधाओं का उन्नयन किया जाना जरूरी है। सिलावट ने बताया कि उक्त चिकित्सालय की ओपीडी में प्रतिदिन 5000 से अधिक मरीजों को बाहय रोगी सेवाएं प्रदान की जाती हैं और प्रतिदिन 200 से अधिक शल्य कियाएं (आपरेशन) किये जाते हैं, जिसमें गरीब मरीजों को विश्व स्तरीय चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराना अत्यंत आवश्यक है।
सिलावट ने अगवत कराया कि 750 करोड की लागत से स्वीकृत एमवाय हास्पीटल के नवीन हास्पीटल का निर्माण कार्य काफी धीमी गति से चल रहा है। सिंहस्थ महापर्व को ध्यान में रखते हुए इसके निर्माण कार्य में तेजी लाया जाए। एमवाय (महाराजा यशंवतराव) चिकित्सालय परिसर में जब तक नया हास्पीटल का निर्माण नहीं हो जाता है, तब तक एमवाय के आपरेशन थियेटर को सुधारा जाये। पहली मंजिल पर नए मोडयूलर आपरेशन थियेटर बने हैं, उनको शीघ्र चालू किया जाए। एमवायएच में क्लास-3 और चतुर्थ श्रेणी स्टाफ की कमी है, इनकी नियुक्ति की जाए। एमवायएच के विभिन्न कक्षों में सीवरेज लाइनों से छतों से पानी टपक रहा है, इसे ठीक कराया जाये। इमरजेंसी में नवीन आईसीयू का निर्माण हो, जहां मरीजों का तत्काल उपचार हो सके।
सिलावट ने उप मुख्यमंत्री शुक्ल से कहा कि निर्माणाधीन कैंसर हास्पीटल के निर्माण कार्य में तेजी लाई जाए और आवश्यक स्टाफ की नियुक्ति की जाए। मनोरमाराजे टीबी हास्पीटल वर्ष 1960 के दशक में निर्मित हुआ है। वर्तमान में 100 बेड का है, जिसमें टीबी और फेफडे की बीमारी का इलाज होता है, इसकी स्थिति ठीक नहीं है इसका उन्नयन कर इसे सर्वसुविधायुक्त बनाया जाए। एमवायएच परिसर में स्थित किंग एडवर्ड मेडिकल स्कूल बिल्डिंग जो 150 साल पूराने मेडिकल कॉलेज की धरोहर है, जो जीर्णशीर्ण अवस्था में इसका भी जीर्णोद्वार या उन्नयन किया जाए।
—————
हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर
