– अहिल्या गारमेंट सिटी बरलाईजागीर की स्थापना से होगा क्षेत्र का विकास, 30 हजार नागरिकों को मिलेगा रोजगार – सिलावट

इंदौर, 07 फरवरी (हि.स.)। मध्य प्रदेश के जल संसाधन मंत्री तुलसीराम सिलावट ने शनिवार को अहिल्या गारमेंट सिटी बरलाईजागीर की स्थापना के संबंध में एम.पी.आई.डी.सी. एवं प्रशासनिक अधिकारियों के साथ विकास कार्यों की समीक्षा की।
इस अवसर पर मंत्री सिलावट ने बताया कि अहिल्या गारमेंट सिटी सांवेर विधानसभा के बरलाईजागीर में लगभग 44 करोड रुपये की लागत से तैंतीस हैक्टेयर औद्योगिक क्षेत्रफल में स्थापित की जाएगी, जिसमें लगभग तीस हजार नागरिकों को रोजगार मिलेगा। यहां पर लगभग 2 हजार 500 करोड रुपये का निवेश होगा। ग्राम बरलाईजागीर में अहिल्या गारमेंट सिटी की स्थापना होने पर आर्थिक गतिविधियां बढेगी और क्षेत्र का विकास होगा तथा क्षेत्रीय लोगों को रोजगार मिलेगा। मुख्यमंत्री डॉ.मोहन यादव के प्रयासों से सहकारिता विभाग से उद्योग विभाग को जमीन हस्तांतरित की गई है। यहां पर अमेजन , अरविन्द लिमिटेड और नोइज जीन्स लिमिटेड जैसी बड़ी कम्पनियों की इकाइयां स्थापित होगी जिसमें वस्त्र निर्माण और लॉजिस्टिक्स भी शामिल रहेगा।
सिलावट ने कार्यकारी निर्देशक, एम.पी.आई.डी.सी. हिमाशु प्रजापति एवं तहसीलदार विकास रघुवंशी एवं अन्य विभागीय उपस्थित अधिकारियों को निर्देशित किया कि अहिल्या गारमेंट सिटी में कारखानों, श्रमिकों के लिए आवास, पुलिस स्टेशन, अस्पताल, अग्निशमन केन्द्र और पार्किंग, प्लांटेशन पार्क, सीएम राईज स्कूल, ड्रेनेज, एसटीपी, संपवेल, स्पोर्ट्स काम्पलेक्स सहित अन्य व्यवस्थाओं की संपूर्ण तैयारियां समय पर पूर्ण करायें। आगामी सिंहस्थ महापर्व 2028 को ध्यान में रखते हुए संपूर्ण तैयारियां समय-सीमा में पूर्ण करायें ताकि क्षेत्र के लोगों को रोजगार उपलब्ध हो सके। बरलाई जागीर बायपास पर ऐसे स्थान पर स्थित है, जहां से चारों मुख्य मार्ग मुम्बई, आगरा, दिल्ली एवं भोपाल तथा उज्जैन-जावरा होते हुए राजस्थान राज्य तक की कनेक्टिविटी मिलेगी।
लगभग डेढ करोड़ रुपये की लागत से सांवेर को विकास कार्यों की सौगात मिलीमंत्री तुलसीराम सिलावट ने बताया कि सांवेर विधानसभा की 33 ग्राम पंचायतों में लगभग डेढ करोड रुपये की राशि से अनुसूचित ग्राम पंचायतों में सीसी रोड, ड्रेनेज और नाली निर्माण, छात्रावासों में नलकूप खनन,शौचालय निर्माण के कार्य होंगे। जिससे क्षेत्र का विकास होकर सैकडों ग्रामीणों को इसका लाभ मिलेगा।
सिलावट ने बताया कि मुख्यमंत्री डॉ.मोहन यादव के नेतृत्व में अनुसूचित जाति वर्ग के लोगों के लिए सामाजिक,आर्थिक और शैक्षणिक विकास तथा उनके कल्याण के लिए राज्य सरकार निरंतर कार्य कर रही है। हर अनुसूचित जाति बाहुल्य ग्राम पंचायतों में शासन की योजनाओं का लाभ पहुंचाना हमारा उद्देश्य है। वर्तमान में मुख्यमंत्री डॉ.यादव द्वारा लगभग डेढ करोड रुपये की लागत के सीसी रोड, ड्रेनेज और नाली निर्माण के साथ छात्रावासों में नलकूप एवं शौचालय आदि के निर्माण कार्यों की सौगातें दी है।
मंत्री सिलावट ने बताया कि सांवेर के ग्राम पंचायत डकाच्या, पानोड़, पंचोला, पालकांकरिया, टाकुन, बसान्द्रा, बावल्याखेड़ी, सिमरोड़, जामोदी, हरियाखेड़ी, कजलाना, तराना, बजरंग पालिया, कटक्या, कायस्थखेड़ी, बड़ोदियाखान, कुड़ाना, शाहदा, राजोदा, हांसाखेड़ी अजनोद, पिपल्या कायस्थ, गारिया, झलारिया, अरनिया, चौहानखेड़ी, माताबरोड़ी, कम्पेल, सिंधीबरोदा, दर्जी कराड़िया, गुलावट, खामोद आंजना में डेढ करोड रुपये की राशि से सीसी रोड, ड्रेनेज और नाली निर्माण के साथ छात्रावासों में नलकूप खनन एवं शौचालय आदि के निर्माण कार्य होंगे।
हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर
