इंदौर, 27 फ़रवरी (हि.स.)। मध्य प्रदेश के इंदौर शहर में शुक्रवार को एक महिला की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है। मृतका की पहचान साईदा पत्नी शादाब लाला के रूप में हुई है, जो खजराना क्षेत्र की निवासी थीं और हिस्ट्रीशीटर रहे सलमान लाला की भाभी थी।


जानकारी के अनुसार, साईदा संजय सेतू इलाके में अचेत अवस्था में पड़ी मिलीं। मौके पर मौजूद राहगीरों ने तुरंत पुलिस और एंबुलेंस को सूचना दी। उन्हें तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उपचार के दौरान उन्होंने दम तोड़ दिया। प्राथमिक जांच में जहरीला पदार्थ सेवन करने की आशंका जताई जा रही है। हालांकि, मौत के वास्तविक कारणों की पुष्टि पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगी। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
परिवार की पृष्ठभूमि भी चर्चा में
बताया जा रहा है कि सलमान लाला की कुछ समय पहले पुलिस कस्टडी में मौत हो चुकी है। उस घटना के बाद परिवार की ओर से पुलिसकर्मियों पर आरोप लगाए गए थे। सलमान लाला पर 25 से अधिक आपराधिक मामले दर्ज थे। उनके भाई शादाब लाला भी आपराधिक प्रकरणों में नामजद रहे हैं और हाल ही में जमानत पर जेल से बाहर आए थे। परिवार एमआईजी क्षेत्र के छोटी खजरानी इलाके में रहता है। सलमान लाला की अंतिम यात्रा में बड़ी संख्या में लोग शामिल हुए थे, जिसके बाद यह परिवार लगातार सुर्खियों में रहा है। फिलहाल पुलिस आत्महत्या से जुड़े सभी पहलुओं की जांच कर रही है और आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है।
—————
हिन्दुस्थान समाचार / नेहा पांडे
