इंदौर, 11 मार्च (हि.स.)। इंडियन डेफ क्रिकेट एसोसिएशन (आईडीसीए) की 7वीं वनडे नेशनल जोनल डेफ क्रिकेट चैंपियनशिप 2026 का बुधवार को भव्य आगाज हुआ। इंदौर के द एमराल्ड हाइट्स इंटरनेशनल स्कूल में शुरू हुए इस टूर्नामेंट को भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) का सहयोग प्राप्त है। साथ ही, इसे डेफ इंटरनेशनल क्रिकेट काउंसिल तथा एशियन डेफ क्रिकेट एसोसिएशन की मान्यता भी मिली हुई है।

टूर्नामेंट के सभी मुकाबले एमराल्ड हाइट्स इंटरनेशनल स्कूल परिसर के चार अलग-अलग मैदानों पर खेले जाएंगे, जिससे पूरे टूर्नामेंट के दौरान एक साथ कई मुकाबले देखने को मिलेंगे और मैचों का शेड्यूल भी काफी रोमांचक रहने वाला है।
इस अवसर पर पीआर 24×7 के सीओओ (पब्लिक अफेयर्स) विकास राजोरा और द एमराल्ड हाइट्स इंटरनेशनल स्कूल के स्पोर्ट्स ऑफिसर अकरम खान मुख्य अतिथि के रूप में मौजूद रहे। दोनों अतिथियों ने दीप प्रज्वलित कर चैंपियनशिप का शुभारंभ किया। चैंपियनशिप की मेजबानी मध्य प्रदेश क्रिकेट फॉर द डेफ (एमएससीडी) कर रहा है। बुधवार यानी 11 से 15 मार्च तक चलने वाले इस टूर्नामेंट में देश के अलग-अलग हिस्सों से आए खिलाड़ी मैदान पर अपने हुनर का परचम लहराएंगे। चैंपियनशिप में देश के अलग-अलग हिस्सों का प्रतिनिधित्व करने वाली पांच जोनल टीमें हिस्सा ले रही हैं, जिसमें नॉर्थ जोन, सेंट्रल जोन, साउथ जोन, ईस्ट जोन और वेस्ट जोन के नाम शामिल हैं। लीग मुकाबलों के बाद टीमों की रैंकिंग उनके प्रदर्शन के आधार पर तय होगी और अंत में चैंपियन, रनर-अप और तीसरे स्थान पर रहने वाली टीम को सम्मानित किया जाएगा।
चैंपियनशिप के बारे में बात करते हुए आईडीसीए के अध्यक्ष सुमित जैन ने कहा, 7वीं वनडे नेशनल जोनल डेफ क्रिकेट चैंपियनशिप सिर्फ एक टूर्नामेंट नहीं है, बल्कि हमारे खिलाड़ियों के जज्बे, हिम्मत और प्रतिभा का उत्सव है। साइरस पूनावाला ग्रुप और हमारे सहयोगियों के समर्थन से हम डेफ क्रिकेटर्स के लिए ऐसा मजबूत मंच तैयार कर रहे हैं, जहां वे राष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा दिखा सकें।
आईडीसीए की सीईओ रोमा बलवानी ने कहा, हमें खुशी है कि यह चैंपियनशिप इंदौर में आयोजित हो रही है। देशभर से आए प्रतिभाशाली खिलाड़ी यहां खेल के जरिए यह दिखा रहे हैं कि खेल में एकजुटता कितनी महत्वपूर्ण है। हर नया संस्करण हमें यह भरोसा देता है कि हम सुनने में अक्षम खिलाड़ियों को आगे बढ़ने और अपनी प्रतिभा दिखाने के और अवसर दे रहे हैं।
ओपनिंग डे का पहला मुकाबला नार्थ जोन और सेंट्रल जोन के बीच हुआ, जिसे नार्थ जोन ने 3 विकेट से अपने नाम किया। इस मैच में सेंट्रल जोन के बल्लेबाज खेमकरण बरमैया ने 2 चौके व 6 छक्कों की मदद से 54 गेंद में 68 रनों की पारी खेली। गेंदबाजी में नार्थ जोन के विवेक कुमार ने 10 ओवर में 50 रन देकर सबसे अधिक छह विकेट अपने नाम किये और प्लेयर ऑफ द मैच चुने गए।
पहले दिन के दूसरे मुकाबले में वेस्ट जोन और साउथ जोन आपस में भिड़े, जहां साउथ जोन के सुदर्शन ई की 52 गेंदों में 82 रन की पारी के बदौलत वेस्ट जोन को 5 विकेट से शिकस्त दी। खास बात यह रही कि इस मैच में सुदर्शन ई ने बल्ले के साथ-साथ 6 ओवर में 29 रन देकर 3 विकेट भी अपने नाम किये, जिसके लिए उन्हें प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया।
—————
हिन्दुस्थान समाचार / वीरेन्द्र सिंह
