इंदौर, 28 फरवरी (हि.स.)। इजराइल-ईरान के बीच शनिवार से शुरू हुए सैन्य संघर्ष के चलते कई अंतररराष्ट्रीय उड़ानें रद्द कर दी गई हैं। इसकी वजह से मध्य प्रदेश के 100 से ज्यादा लोग दुबई में फंस गए हैं। इनमें पूर्व विधायक संजय शुक्ला समेत बिजनेसमैन और बिल्डर भी शामिल हैं।

जानकारी के अनुसार, शनिवार को इजराइल और अमेरिका की ईरान पर स्ट्राइक के बीच दुबई की मशहूर और दुनिया की सबसे ऊंची इमारत बुर्ज खलीफा के पास ड्रोन हमला हुआ है। इसके बाद दुबई के सभी एयरपोर्ट बंद कर दिए गए हैं और यहां से आने-जाने वाली सभी उड़ानों को अनिश्चितकाल के लिए निरस्त कर दिया गया है। इसका असर मध्य प्रदेश के यात्रियों पर भी पड़ा है। दुबई के शारजाह से इंदौर आने वाली एयर इंडिया एक्सप्रेस की उड़ानें रद्द होने के कारण मध्य प्रदेश के 100 से ज्यादा यात्री दुबई और शारजाह एयरपोर्ट पर फंस गए हैं।

जानकारी के अनुसार दुबई में एक शादी समारोह में शामिल होने के लिए इंदौर से कई लोग गए थे। इनमें पूर्व विधायक संजय शुक्ला, विशाल पटेल, प्रवीण कक्कड़, सहारा ग्रुप के मनीष सहारा, अग्रवाल समूह के संजय अग्रवाल, सी-21 मॉल के मालिक पिंटू छाबड़ा, गोलू पाटनी सहित कई लोग शामिल हैं।
पूर्व विधायक संजय शुक्ला ने दुबई से भेजे एक एक संदेश में कहा है कि हम सब सुरक्षित हैं। हमारे रहने की जगह पर हालात नॉर्मल हैं। सिक्योरिटी की चिंता करने की कोई जरूरत नहीं है। फ्लाइट कैंसिल हो गई हैं, लेकिन हमारी वापसी शारजाह से होनी है। फ्लाइट को लेकर रविवार को स्थिति स्पष्ट होगी।
रिया छाबड़ा ने बताया कि लगातार फोन आ रहे हैं और हमें भी चिंता हो रही है। रिया के भाई पिंटू छाबड़ा भी दुबई में ही हैं। रिया ने कहा कि वे एक शादी के कार्यक्रम में शामिल होने के लिए वहां पर गए थे लेकिन अभी वहां फंस गए हैं। हमें उम्मीद है कि वे जल्द ही इंदौर आ जाएंगे। रिया ने कहा कि वहां पर सभी पूरी तरह से सुरक्षित हैं लेकिन चिंता होना लाजमी है।
बताया जा रहा है कि दुबई में फंसे यात्रियों में इंदौर, भोपाल, ग्वालियर सहित मध्य प्रदेश के कई जिलों के लोग शामिल हैं। इनमें बड़ी संख्या में परिवार, महिलाएं और बच्चे भी हैं। कई यात्री छुट्टियां मनाने या पारिवारिक कार्यक्रमों में शामिल होने गए थे, लेकिन अब वापसी को लेकर अनिश्चितता बनी हुई है। बताया जा रहा है कि एयरपोर्ट पर एयरलाइन की ओर से स्पष्ट जानकारी नहीं दी जा रही है।खाने-पीने की भी दिक्कत हो रही है।
—————
हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर
