
इटारसी, 07 फ़रवरी (हि.स.)। मध्य प्रदेश के इटारसी–पथरोटा मार्ग पर शुक्रवार देर रात तेज रफ्तार कार नहर में गिरने से तीन युवकों की पानी में डूबने से मौत हो गई।

जानकारी के अनुसार, तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर पथरोटा की बड़ी नहर की पुलिया की रेलिंग तोड़ती हुई सीधे गहरे पानी में जा गिरी। कार में सवार तीनों युवक बाहर निकलने के लिए संघर्ष करते रहे, लेकिन कुछ ही मिनटों में कार पूरी तरह पानी में डूब गई।
मृतकों की पहचान रैसलपुर निवासी लकी पटेल (30) पुत्र भवानी शंकर पटेल, शिवम तिवारी (26) पुत्र महेश तिवारी, निवासी खीर पानी और अभय उर्फ अभि चौहान (19) पुत्र राकेश चौहान, निवासी जय प्रकाश नगर, पुरानी इटारसी के रूप में हुई है। कार लकी पटेल चला रहा था।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, इटारसी की ओर से आ रही ग्रे रंग की कार अचानक पुल पर अनियंत्रित हो गई और रेलिंग तोड़ते हुए नहर में गिर गई। कार के नहर में गिरते ही अंदर फंसे युवक मदद के लिए चिल्लाने लगे और शीशे तोड़कर बाहर निकलने की कोशिश करते रहे, लेकिन कार लॉक हो जाने और पानी की गहराई के कारण वे बाहर नहीं निकल सके।
जान जोखिम में डालकर बचाव की कोशिश
हादसे के तुरंत बाद एक स्थानीय युवक ने बिना समय गंवाए नहर में कूदकर कार सवारों को बचाने का प्रयास किया, लेकिन तेज बहाव और गहराई के कारण वह सफल नहीं हो सका। इसके बाद लोगों ने पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही इटारसी और पथरोटा पुलिस मौके पर पहुंची।
स्थिति की गंभीरता को देखते हुए नर्मदापुरम से एसडीआरएफ की टीम को बुलाया गया। एसडीआरएफ की प्लाटून कमांडर अमृता दीक्षित के नेतृत्व में करीब ढाई घंटे तक चले रेस्क्यू ऑपरेशन के बाद कार को नहर से बाहर निकाला गया। जब कार के दरवाजे खोले गए, तो तीनों युवक अंदर मृत अवस्था में मिले। अमृता दीक्षित ने बताया कि कार के अंदर शीशे तोड़ने के प्रयास के स्पष्ट निशान मिले हैं, जिससे साफ है कि युवक आखिरी दम तक बाहर निकलने के लिए संघर्ष करते रहे।
सिवनी मालवा से लौटते समय हुआ हादसा
परिजनों के अनुसार, तीनों युवक कार से सिवनी मालवा गए थे और लौटते समय यह हादसा हो गया। शिवम तिवारी के पिता महेश तिवारी ने बताया कि शिवम उनका बड़ा बेटा था। हादसे की जानकारी उन्हें शनिवार सुबह करीब 6 बजे मिली, उस समय वे एक शादी समारोह में थे।
मां से आखिरी बात: “बेटा, खाना खा लिया?”
अभय चौहान के पिता राकेश चौहान ने बताया कि रात में बेटे से फोन पर बात हुई थी। अभि ने कहा था कि वह कार से लौट रहा है। मां ने उससे खाना खाने को लेकर पूछा था। इसके बाद मोबाइल बंद हो गया। सुबह हादसे की खबर मिली। अभि परिवार का इकलौता बेटा था और उसकी एक बहन है।
परिवारों पर टूटा दुखों का पहाड़
मृतक लकी पटेल के पिता का पहले ही निधन हो चुका है, जबकि बड़े भाई की कुछ साल पहले नर्मदा नदी में डूबने से मौत हो गई थी। घर में दो बहनें हैं, जिनमें से एक की शादी हो चुकी है। लकी की मां इस समय वैष्णो देवी की यात्रा पर हैं। बेटे की मौत की खबर से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।
—————
हिन्दुस्थान समाचार / नेहा पांडे
