उरई, 26 फ़रवरी (हि.स.)। उत्त्तर प्रदेश के जालौन कोतवाली क्षेत्र के तोपखाना मोहल्ला निवासी 25 वर्षीय शबाना बेगम की बुधवार की देर रात अचानक तबीयत बिगड़ने से मौत हो गई। परिजन उन्हें आनन-फानन में लोटस अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां इलाज के दौरान मौत हो गई।

मृतका के देवर मोहम्मद चांद ने गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि अस्पताल प्रशासन की लापरवाही की वजह से उनकी भाभी की जान गई है। उन्होंने बताया कि इलाज में देरी की गई और डॉक्टरों ने समय पर जरूरी कदम नहीं उठाए। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।

जानकारी के मुताबिक शबाना बेगम की 20 फरवरी को डिलीवरी हुई थी, जिसके बाद से ही उनकी तबीयत लगातार खराब चल रही थी। बुधवार की शाम अचानक हालत बिगड़ने पर उन्हें अस्पताल लाया गया था। मृतका के पति वजीर खान, भाई युसूफ समेत अन्य परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। जालौन कोतवाली प्रभारी अजीत सिंह का कहना है कि पुलिस मामले की जांच कर रही है। यदि लापरवाही पाई गई तो अस्पताल प्रशासन के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
—————
हिन्दुस्थान समाचार / विशाल कुमार वर्मा
