कानपुर, 23 फरवरी (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के कानपुर में रावतपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत एक निजी अस्पताल में इलाज के दौरान एक दस वर्षीय बच्ची की मौत हो गई। घटना से नाराज परिजनों ने हॉस्पिटल प्रबंधन के खिलाफ लापरवाही का आरोप लगाते हुए जमकर हंगामा काटा। सूचना पर पहुंची पुलिस ने कार्रवाई का आश्वासन देते हुए परिजनों को शांत कराया।

बर्रा थाना क्षेत्र अंतर्गत रहने वाले राहुल की की बेटी आरुषि (10) के पैर में पस पड़ गया था। जिसका इलाज कराने के लिए परिजन शनिवार को रावतपुर स्थित एक निजी अस्पताल लेकर पहुंचे। जहां रविवार देर रात उसकी हालत बिगड़ने लगी। जिस पर अस्पताल प्रबंधन ने कहा कि बच्ची को किसी दूसरे अस्पताल ले जाओ।

परिजन उसे काकादेव स्थित दूसरे निजी अस्पताल लेकर पहुंचे। जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद गुस्साए परिजन वापस रावतपुर स्थित अस्पताल पहुंचे। जहां पर उन्होंने गलत इंजेक्शन और इलाज में लापरवाही का आरोप लगाते हुए जमकर हंगामा काटा। सूचना में पहुंची पुलिस ने प्रदर्शन कर रहे परिजनों को समझा बुझाकर मामले को शांत कराया।
रावतपुर थाना प्रभारी कमलेश राय ने बताया कि पीड़ित पक्ष की ओर से प्राप्त तहरीर के आधार पर अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।
हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप
