आसनसोल, 06 फ़रवरी (हि.स.)।

ईस्टर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड (इसीएल) की गिरिमिंट कोलियरी में शुक्रवार तड़के सुरक्षा व्यवस्था में बड़ी चूक का मामला सामने आया है। चोरी की नीयत से परिसर में घुसे अज्ञात असामाजिक तत्वों ने ड्यूटी पर तैनात सुरक्षा गार्ड पर जानलेवा हमला कर दिया, जिससे क्षेत्र में तनाव का माहौल है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, यह घटना शुक्रवार तड़के करीब 2:00 बजे की है। कुछ असामाजिक तत्व अवैध तरीके से कोलियरी परिसर में दाखिल हुए। जब वहां तैनात सुरक्षा गार्ड ने उन्हें रोकने की कोशिश की, तो उन अपराधियों ने गार्ड पर हमला कर दिया। इस हमले में गार्ड को गंभीर चोटें आई हैं।
अस्पताल में भर्ती: घायल सुरक्षाकर्मी को तुरंत सी.एच. कल्ला अस्पताल ले जाया गया, जहां फिलहाल उनका उपचार चल रहा है। इस घटना की खबर फैलते ही श्रमिक संघों और यूनियन सदस्यों में भारी आक्रोश देखा गया। सुबह ही बड़ी संख्या में यूनियन सदस्य एजेंट कार्यालय के पास एकत्रित हुए और ईसीएल प्रबंधन के खिलाफ जमकर विरोध प्रदर्शन किया।
यूनियन की प्रमुख मांग है कि ड्यूटी पर तैनात सुरक्षा कर्मियों को पर्याप्त आत्मरक्षा उपकरण प्रदान किए जाएं। ईसीएल परिसर की बाउंड्री और सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक पुख्ता किया जाए। भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए अतिरिक्त सुरक्षा बल तैनात किए जाएं।
बहरहाल, स्थानीय पुलिस और ईसीएल का सुरक्षा विभाग मामले की जांच कर रहा है। यूनियन ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि यदि सुरक्षा व्यवस्था में तत्काल सुधार नहीं किया गया, तो वे अपने विरोध को और तेज करेंगे।
—————
हिन्दुस्थान समाचार / संतोष विश्वकर्मा
