

सारण, 25 जनवरी (हि.स.)। जिले में इसुआपुर प्रखंड मुख्यालय में देशभक्ति का अभूतपूर्व नजारा देखने को मिला। स्थानीय युवाओं और छात्र-छात्राओं द्वारा आयोजित भव्य तिरंगा यात्रा से पूरा बाजार क्षेत्र वंदे मातरम और भारत माता की जय के नारों से गुंजायमान हो उठा। इस यात्रा का मुख्य आकर्षण 51 फीट लंबा विशाल तिरंगा रहा जिसे थामे सैकड़ों युवा कदम से कदम मिलाकर चल रहे थे।

तिरंगा यात्रा की शुरुआत बाजार स्थित धर्मशाला परिसर से हुई। यहां से शुरू होकर यह जुलूस पूरे बाजार मुहल्ले और मुख्य मार्गों से होते हुए गुजरा। यात्रा में शामिल स्कूली बच्चों और युवाओं का उत्साह देखते ही बन रहा था। भारत माता की मनमोहक झांकी ने लोगों का मन मोह लिया। जैसे-जैसे कारवां आगे बढ़ा, स्थानीय दुकानदारों और आम लोगों ने पुष्प वर्षा कर तिरंगे का अभिनंदन किया और राष्ट्रप्रेम का परिचय दिया।
आयोजन समिति के सदस्यों ने बताया कि इस यात्रा का मुख्य उद्देश्य देश की एकता और अखंडता का संदेश देना है। उन्होंने कहा कि यह यात्रा उन शहीद जवानों को श्रद्धांजलि है जिन्होंने देश की रक्षा के लिए अपने प्राणों की आहुति दी। साथ ही हम इसके माध्यम से सरहद पर तैनात जवानों का मनोबल बढ़ाना चाहते हैं। ऐसे आयोजनों से नई पीढ़ी में राष्ट्रप्रेम की भावना जागृत होती है।
तिरंगा यात्रा को सुचारू रूप से संपन्न कराने और सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिए स्थानीय थाना की पुलिस पूरी तरह मुस्तैद दिखी। पुलिस प्रशासन की सक्रिय सहभागिता के कारण पूरी यात्रा शांतिपूर्ण और अनुशासित वातावरण में संपन्न हुई। यात्रा के दौरान यातायात व्यवस्था का भी विशेष ख्याल रखा गया ताकि आम लोगों को असुविधा न हो। इस अवसर पर विभिन्न शिक्षण संस्थानों के शिक्षक, समाजसेवी और नागरिक उपस्थित रहे। यात्रा के अंत में राष्ट्रगान के साथ कार्यक्रम का विधिवत समापन किया गया।
—————
हिन्दुस्थान समाचार / धनंजय कुमार
