मथुरा, 30 जनवरी(हि.स.)। विश्व प्रसिद्ध इस्कॉन मंदिर के दान प्रमुख की गोली मारकर हत्या करने की धमकी दी गई है। मंदिर के गेस्ट हाउस की आधिकारिक बुकिंग हेल्पलाइन पर आई कॉल ने अफरा-तफरी मचा दी है। पुलिस ने शुक्रवार मुकदमा दर्ज करके अज्ञात नंबर को सर्विलांस में लगवाया है। साथ ही पुलिस की टीमें जांच के साथ आरोपित की पहचान करने में जुट गई हैं।

इस्कॉन मंदिर के अतिथि गृह की बुकिंग के लिए जारी आधिकारिक हेल्पलाइन नंबर पर गुरुवार रात एक अज्ञात व्यक्ति ने फोन किया। कॉल के दौरान उसने दान विभाग के एचओडी राधा सखा दास का नाम लेते हुए उन्हें जान से मारने की धमकी दी। फोन करने वाले ने कहा कि वह उन्हें गोली मार देगा। धमकी मिलने के बाद मंदिर प्रशासन ने पुलिस को सूचना दी। इस्कान मंदिर के सीएफओ विष्णु नाम दास ने थाने में अज्ञात मोबाइल नंबर के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया है। शिकायत में बताया कि यह धमकी न केवल एक व्यक्ति विशेष की सुरक्षा से जुड़ा मामला है, बल्कि एक प्रतिष्ठित धार्मिक संस्था की शांति, सुरक्षा और व्यवस्था को प्रभावित करने वाली गंभीर घटना है। धमकी मिलने के बाद मंदिर परिसर और गेस्ट हाउस की सुरक्षा बढ़ा दी गई है।
शुक्रवार सदर सीओ प्रीतम पाल सिंह ने बताया कि मुकदमा दर्ज कर लिया है। अज्ञात नंबर को सर्विलांस में लगाया गया है। दो टीमें गठित करके जांच शुरू कराई है। जल्द ही पूरे प्रकरण का राजफाश किया जाएगा।
हिन्दुस्थान समाचार / महेश कुमार
