शिमला, 28 जनवरी (हि.स.)। हिमाचल प्रदेश पुलिस ने आपातकालीन सेवा ईआरएसएस-112 के तहत औसत रिस्पॉन्स टाइम के मामले में पूरे देश में पहला स्थान हासिल किया है। मुख्यमंत्री सुखविन्द्र सिंह सुक्खू ने इसे प्रदेश के लिए एक बड़ी और ऐतिहासिक उपलब्धि बताते हुए पुलिस विभाग को बधाई दी है। उन्होंने कहा कि यह सफलता प्रदेश भर में तैनात ईआरएसएस-112 टीमों और पुलिस थानों में कार्यरत अधिकारियों व कर्मचारियों की मेहनत, पेशेवर दक्षता और बेहतर तालमेल का नतीजा है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि हिमाचल जैसे पहाड़ी राज्य में, जहां भौगोलिक परिस्थितियां चुनौतीपूर्ण हैं और संसाधन भी सीमित हैं, वहां सबसे तेज आपातकालीन मदद उपलब्ध कराना आसान काम नहीं है। इसके बावजूद प्रदेश पुलिस ने देशभर में सबसे बेहतर प्रदर्शन किया है। उन्होंने कहा कि यह उपलब्धि दिखाती है कि सरकार और पुलिस मिलकर आम लोगों को समय पर मदद पहुंचाने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध हैं।

सुखविन्द्र सिंह सुक्खू ने कहा कि सरकार का लक्ष्य है कि प्रदेश के लोगों को तेज, संवेदनशील और प्रभावी सेवाएं मिलती रहें। उन्होंने उम्मीद जताई कि ‘स्पीड, सेंसिटिविटी और सर्विस’ आने वाले समय में भी हिमाचल पुलिस का मूल मंत्र बना रहेगा। मुख्यमंत्री के अनुसार यह पहला स्थान केवल एक रैंकिंग नहीं है, बल्कि इस भरोसे की पुष्टि है कि आपात स्थिति में मदद के लिए पुकारने वाले नागरिक तक हिमाचल पुलिस सबसे पहले पहुंचेगी।
पुलिस महानिदेशक अशोक तिवारी ने कहा कि यह उपलब्धि अनुशासित कार्यप्रणाली, तकनीक के बेहतर उपयोग और फील्ड स्तर पर मजबूत निगरानी का परिणाम है। उन्होंने बताया कि सही योजना और टीमवर्क के जरिए कठिन से कठिन परिस्थितियों में भी बेहतर नतीजे हासिल किए जा सकते हैं। डीजीपी ने इस सफलता का श्रेय मुख्यमंत्री के नेतृत्व, मार्गदर्शन और निरंतर सहयोग को दिया।
—————
हिन्दुस्थान समाचार / उज्जवल शर्मा
