कोलकाता, 28 फ़रवरी (हि. स.)। ईडन गार्डन्स में रविवार, एक मार्च को भारत और वेस्टइंडीज के बीच होने वाले बेहद अहम सुपर-8 मुकाबले को देखते हुए कोलकाता मेट्रो ने अतिरिक्त मेट्रो सेवाएं चलाने का फैसला किया है।

आमतौर पर ब्लू लाइन पर आखिरी मेट्रो रात 9:55 बजे रवाना होती है, लेकिन मैच देखने आने वाले दर्शकों की सुविधा के लिए रविवार रात 11:15 बजे एक विशेष मेट्रो चलाई जाएगी। यह विशेष सेवा एस्प्लानेड–दक्षिणेश्वर और एस्प्लानेड–शहीद खुदीराम सेक्शन पर उपलब्ध होगी।

‘आमार मेट्रो’ की ओर से जारी बयान के अनुसार, इन विशेष सेवाओं के लिए एस्प्लानेड स्टेशन पर टिकट काउंटर खुले रहेंगे। मेट्रो रेलवे, कोलकाता ने सुरक्षित, आरामदायक और किफायती यात्रा सुनिश्चित करने की अपनी प्रतिबद्धता दोहराई है।
मैच दोनों टीमों के लिए बेहद निर्णायक है। वेस्टइंडीज ने 2016 में इसी मैदान पर अपना दूसरा टी20 विश्व कप खिताब जीता था। अब भारत और वेस्टइंडीज—दोनों को ही सुपर-8 चरण का आखिरी मुकाबला जीतना अनिवार्य है, तभी वे आईसीसी मेंस टी20 विश्व कप 2026 के सेमीफाइनल में जगह बना पाएंगे।
यह हाई-वोल्टेज मुकाबला रविवार शाम सात बजे शुरू होगा।
—————
हिन्दुस्थान समाचार / धनंजय पाण्डेय
