-विश्व शांति की कामना से विश्वनाथ धाम के गंगा द्वार पर उतारी मां गंगा की आरती

वाराणसी, 14 मार्च (हि.स.)। उत्तर प्रदेश की धार्मिक नगरी वाराणसी में शनिवार को ईरान-इजरायल के बीच चल रहे युद्ध को रोकने और वैश्विक शांति के लिए नमामि गंगे के सदस्यों ने श्रीकाशी विश्वनाथ धाम के गंगा द्वार पर विशेष प्रार्थना की। ईरान और इज़राइल के बीच हो रहे युद्ध को रोकने के लिए श्री काशी विश्वनाथ दरबार और मां गंगा की आरती उतार कर अर्जी लगाई।
नमामि गंगे के स्वयंसेवी सदस्यों ने हाथ जोड़कर प्रभु से दोनों देशों के बीच शांति स्थापित करने और निर्दोष लोगों की रक्षा करने की प्रार्थना की। द्वादश ज्योतिर्लिंगों का पाठ करके युद्ध की शांति के लिए प्रार्थना की गई। इस दौरान वक्ताओं ने कहा कि विश्व शांति के लिए प्रार्थना का उद्देश्य संसार से युद्ध, नफरत और पीड़ा को मिटाकर प्रेम, सौहार्द और करुणा स्थापित करना है। हमने गंगा जी से गुहार लगाई है कि समस्त विश्व में, प्रकृति के हर तत्व में, और सभी मनुष्यों के हृदय में शांति फैले। सभी देशों के नेता हिंसा छोड़ सत्य और प्रेम का मार्ग अपनाएं, ताकि पृथ्वी पर सच्ची एकता और भाईचारा स्थापित हो। प्रार्थना में नगर निगम के स्वच्छता ब्रांड एम्बेसडर राजेश शुक्ला, अनिकेत, अनुराधा तनय, पुष्कर पाण्डेय, उमंग, अमन मिश्रा, पूनम, शैलेश, प्रेरणा आदि ने भाग लिया।
—————
हिन्दुस्थान समाचार / श्रीधर त्रिपाठी
