कठुआ, 09 फरवरी (हि.स.)। उपायुक्त कठुआ राजेश शर्मा ने सोमवार को डीसी कार्यालय परिसर में ई-डीएआर/आईआरएडी प्रणाली के क्रियान्वयन की समीक्षा को लेकर बैठक की और इसके प्रभावी संचालन में आ रही बाधाओं पर गहरी चिंता जताई।

बैठक में उपायुक्त को अवगत कराया गया कि सड़क दुर्घटनाओं से जुड़े मामलों में डेटा अपडेट में हो रही देरी के कारण कैशलेस उपचार मामलों के निपटारे में विलंब हो रहा है। इस पर उपायुक्त ने संबंधित विभागों को निर्देश दिए कि दुर्घटना से संबंधित जानकारी समय पर और नियमित रूप से पोर्टल पर अपलोड की जाए। उपायुक्त ने दुर्घटना स्थलों की तस्वीरें अपलोड न करने, ड्राइविंग लाइसेंस विवरण के अभाव और दुर्घटना स्थानों की सही जानकारी दर्ज न होने पर कड़ा संज्ञान लिया। उन्होंने कहा कि सटीक और पूर्ण जानकारी दोषियों के खिलाफ कार्रवाई और ब्लैक स्पॉट की पहचान के लिए अत्यंत आवश्यक है। इसके अलावा आईआरएडी और सीसीटीएनएस पोर्टलों के आंकड़ों में असमानता पर भी चिंता जताई गई। उपायुक्त ने अधिकारियों को आपसी समन्वय बेहतर बनाने और ई-डीएआर प्लेटफॉर्म के साथ उचित समन्वयन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए ताकि पीड़ितों के परिजनों को मुआवजा देने में किसी प्रकार की देरी न हो। उन्होंने सभी संबंधित अधिकारियों को खामियां तत्काल दूर करने और तय समयसीमा का सख्ती से पालन करने के निर्देश दिए। बैठक में एएसपी कठुआ राहुल चरक, आरटीओ सुरिंदर शर्मा, एआरटीओ, बीआरओ जिला रोलआउट मैनेजर एनआईसी कठुआ सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

—————
हिन्दुस्थान समाचार / सचिन खजूरिया
