मेदिनीपुर, 17 फरवरी (हि.स.)। पश्चिम मेदिनीपुर जिले के शालबनी थाना क्षेत्र में मंगलवार सुबह उच्च माध्यमिक परीक्षा देने जा रहे तीन परीक्षार्थी सड़क दुर्घटना में घायल हो गए। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए घायलों को अस्पताल पहुंचाया और बाद में परीक्षा केंद्र तक पहुंचाने की व्यवस्था की।

पुलिस सूत्रों के अनुसार, घायल विद्यार्थियों के नाम मिथुन सिंह, शिवम बाग और उज्ज्वल पात्र हैं। तीनों शालबनी के खान्दिबांध कोकिलमणि हाईस्कूल के छात्र हैं। मंगलवार सुबह करीब साढ़े नौ बजे वे बाइक से परीक्षा केंद्र जा रहे थे। मानकुड़ी इलाके में पहुंचते ही चालक अचानक वाहन पर नियंत्रण खो बैठा, जिससे बाइक अनियंत्रित होकर सड़क पर पलट गई। हादसे में तीनों छात्र घायल हो गए।

घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और पुलिस को खबर दी। शालबनी थाने की पुलिस ने तत्काल पहुंचकर घायलों को निकटवर्ती अस्पताल में भर्ती कराया, जहां प्राथमिक उपचार किया गया। उपचार के बाद शिवम और उज्ज्वल को परीक्षा केंद्र भेज दिया गया। मिथुन को अपेक्षाकृत गंभीर चोट लगने के कारण पहले अस्पताल से ही परीक्षा दिलाने की व्यवस्था की गई, बाद में उसे भी परीक्षा केंद्र पहुंचा दिया गया।
उच्च माध्यमिक शिक्षा परिषद की जिला मॉनिटरिंग कमेटी के संयुक्त आह्वायक रामजीवन मांडी ने घटना को दुर्भाग्यपूर्ण बताते हुए कहा कि परीक्षार्थियों को इस प्रकार बाइक से परीक्षा देने नहीं आना चाहिए। उन्होंने संतोष व्यक्त किया कि बड़ा हादसा नहीं हुआ और परिषद की ओर से पुलिस को हरसंभव सहयोग दिया गया।
—————
हिन्दुस्थान समाचार / अभिमन्यु गुप्ता
