उज्जैन, 07 फरवरी (हि.स.)। मध्य प्रदेश के उज्जैन स्थित विश्व प्रसिद्ध ज्योतिर्लिंग भगवान महाकालेश्वर के मंदिर में मुम्बई से दर्शन करने आई एक महिला ने गार्डों पर मारपीट का आरोप लगाया है। इस संबंध में महिला की ओर से थाने में शिकायत दर्ज कराई गई है।

महाकालेश्वर मंदिर का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जिसमें मुंबई की एक महिला श्रद्धालु मंदिर में ठीक से दर्शन न होने की बात कहते हुए सुरक्षा गार्ड्स पर मारपीट का आरोप लगाते हुए दिखाई दे रही है। साथ ही मंदिर के दर्शन व्यवस्था पर भी सवालिया निशान खड़े कर रही है। मामले में मंदिर समिति ने शनिवार को सहायक प्रशासक आशीष फलवाडिया के माध्यम से स्थिति स्पष्ट की है।

मंदिर समिति का कहना है कि विगत दिवस शयन आरती के दौरान महिला श्रद्धालु द्वारा निर्गम मार्ग को अवरुद्ध किया गया। इससे दर्शनार्थियों को आवागमन में परेशानी हो रही थी। गार्डों ने महिला से रास्ता छोड़ने को कहा, इसी बात पर विवाद शुरू हो गया। मामले में मंदिर प्रशासन ने महाकाल थाने में शिकायती आवेदन दिया है।
इसके साथ ही श्री महाकालेश्वर प्रबंध समिति ने भी एक वीडियो वायरल किया है, जिसमें महिला श्रद्धालु खुद सुरक्षा गार्ड के साथ मारपीट करते और उसका गला पड़ते दिखाई दे रही है। कुल मिलाकर सोशल मीडिया पर अब दोनों ने ही तरह के वीडियो वायरल हो रहे हैं। मुंबई से आई महिला श्रद्धालु और सुरक्षा गार्ड दोनों नहीं अपने साथ हुई मारपीट को लेकर महाकाल थाने पर आवेदन दिया है, लेकिन अभी दोनों के खिलाफ ही कोई कार्रवाई नहीं हुई है।
मुंबई से दर्शन करने आई थी महिला श्रद्धालु
मुंबई से तीन दोस्तों के साथ आई महिला रेशमा सोनवाड़े महाकालेश्वर मंदिर में दर्शन के लिए लाइन में लगी थी। महिला का कहना है कि वह जब चांदी की पालकी गेट के सामने पहुंची तो टनल में दर्शन के दौरान पुरुष गार्ड महिलाओं के कंधे पर हाथ रखकर लोगों को आगे धकेल रहे थे। जब उन्होंने इसका विरोध किया तो एक महिला गार्ड को बुलाकर उनके साथ मारपीट की गई। महिला का आरोप है कि मारपीट में चार पुरुष गार्ड भी शामिल थे। मारपीट के दौरान कुछ दूसरे श्रद्धालुओं को भी धक्का देकर मंदिर से बाहर कर दिया गया। इसके बाद गेट बंद कर दिया गया। मौके पर काफी हंगामा हुआ। उसके बाद महिला श्रद्धालु ने अपने साथ हुई मारपीट को लेकर महाकाल थाने में आवेदन दिया है।
श्री महाकालेश्वर प्रबंध समिति के सहायक प्रशासक आशीष फलवाडिया ने बताया कि घटना 5 फरवरी की है, जब शयन आरती के दौरान एक महिला श्रद्धालु द्वारा निकास द्वार पर मार्ग अवरुद्ध कर दिया गया था, जिससे श्रद्धालुओं की आवाजाही प्रभावित हो रही थी। ड्यूटी पर तैनात सुरक्षा कर्मी द्वारा उन्हें विनम्रतापूर्वक निकास हेतु निवेदन किया गया, किन्तु संबंधित महिला द्वारा सुरक्षाकर्मी के साथ अभद्र व्यवहार करते हुए धक्का-मुक्की एवं गला पकड़ने जैसा अनुचित आचरण किया गया। स्थिति को नियंत्रित करने एवं व्यवस्था बनाए रखने हेतु महिला सुरक्षा कर्मियों द्वारा संबंधित महिला को मंदिर परिसर से बाहर किया गया। तत्पश्चात रात्रि में महाकाल थाना में आवश्यक वैधानिक कार्रवाई हेतु शिकायत दर्ज कराई गई।
हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर
