उज्जैन, 01 अप्रैल (हि.स.)। अंतरराष्ट्रीय मूर्ख दिवस के अवसर पर बुधवार की रात मप्र के उज्जैन स्थित कालिदास अकादमी में 53वें अखिल भारतीय टेपा सम्मेलन ‘धुरंधर टेपा सम्मेलन’ का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में फिल्म ‘धुरंधर-2’ में जमील जमाली का किरदार निभाने वाले हास्य कलाकार राकेश बेदी को टेपा सम्मान से सम्मानित किया गया।

कार्यक्रम का आगाज ‘महाकाल सरकार’ गीत के साथ हुआ, जिसमें बड़ी संख्या में साहित्यकार, कलाकार और दर्शक शामिल हुए हैं। देशभर से आए व्यंग्य कवि और कलाकारों ने मंच पर हास्य और व्यंग्य का माहौल बनाया। कार्यक्रम में अतिथियों और कवियों को पारंपरिक टेपा वेशभूषा पहनाई गई। सम्मेलन के दौरान प्रशस्ति वाचन, टेपा रपट और ‘चिल्मी मुकदमा’ जैसे खास आयोजन भी किए गए, जिन्होंने दर्शकों का भरपूर मनोरंजन किया।
टेपा टॉप कवि सम्मेलन में मधुबनी के शंभू शिखर, मुंबई के सुभाष काबरा, जयपुर के एकेश पार्थ, कन्नौद की प्रिया खुशबू, धार के लोकेश जडिया और मालवी कवि पं. राहुल शर्मा ने काव्य पाठ किया। कार्यक्रम के सूत्रधार दिनेश दिग्गज और अशोक भाटी रहे। सम्मेलन में विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट योगदान देने वाली हस्तियों को सम्मानित किया गया। हास्य अभिनेता राकेश बेदी, कवि सुभाष काबरा, शंभू शिखर, प्रिया खुशबू, एकेश पार्थ और लोकेश जडिया सहित कई लोगों को अलग-अलग स्मृति टेपा सम्मान प्रदान किए गए।
इस अवसर पर प्रसिद्ध टीवी कलाकार एवं हास्य कवि राकेश बेदी ने कहा कि शोर नदी का नहीं ये आबशार का है, यहां से जो भी सफर है अब उतार का है। जब कोई तुमसे ये कहे कि बच्चा है तू मेरा, उससे बचके रहना, वो आदमी बेकार का है।
—————
हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर
