
उज्जैन, 08 फ़रवरी (हि.स.)। मध्य प्रदेश के उज्जैन के महानंदानगर स्थित एक सूने मकान में नकाबपोश बदमाशों ने चोरी की वारदात को अंजाम दिया।

घटना शनिवार-रविवार दरमियानी रात की है। जिसका सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है। सुबह जब पड़ोसियों ने घर के ताले टूटे हुए देखे तो मकान मालिक को सूचना दी। बदमाशों की गैंग ने बसंत विहार कॉलोनी में निवासी असिस्टेंट बैंक मैनेजर के मकान में भी चोरी की वारदात को अंजाम दिया है। दोनों ही वारदात के बाद पुलिस ने बदमाशों की खोजबीन शुरू कर दी है।

नानाखेड़ा थाना प्रभारी नरेन्द्र यादव ने बताया कि शनिवार-रविवार दरमियानी रात में महानंदानगर निवासी राजेंद्र भार्गव के मकान के ताले अज्ञात बदमाशों ने तोडक़र चोरी की वारदात को अंजाम दिया। पुलिस के अनुसार राजेंद्र भार्गव पिछले 10 दिनों से अपने परिवार के साथ विवाह समारोह में शामिल होने के लिए पुणे गए हुए है। जिसका फायदा उठाकर बदमाशों ने वारदात को अंजाम दिया। बदमाशों ने घर में रखी नगदी और सोने-चांदी के आभूषणों पर हाथ साफ किया है।
बैंक मैनेजर के घर के दो बार ताले तोड़ेकैनरा बैंक इंदौर में असिस्टेंट मैनेजर विकास पिता गोपाल पंवार निवासी बसंत विहार कॉलोनी के मकान में शुक्रवार-शनिवार रात को अज्ञात बदमाशों ने ताले तोडक़र अंदर से कीमती माल पर हाथ साफ कर दिया। शनिवार सुबह पड़ोसियों ने विकास को फोन लगाकर चोरी की जानकारी दी। जिसके बाद वह उज्जैन पहुंचे और पुलिस को सूचना दी। लेकिन एफएसएल अधिकारी उपस्थित नहीं होने के कारण पुलिस ने रविवार तक घर में किसी को न जाने की हिदायत दी। इधर बदमाशों ने एक बार फिर शनिवार-रविवार रात में एक बार फिर से घर के ताले तोड़े और फिर से घर में रखा सामना चोरी कर लिया। रविवार सुबह फिर से पड़ोसियों ने विकास पंवार को ताले टूटने की जानकारी दी। इस दौरान बदमाशों ने घर का सारा सामान अस्त-व्यस्त कर दिया। बदमाशों ने घर में से सोने और डेढ़ किलो चांदी की आभूषणों के साथ ही डेढ़ लाख रुपए नगदी पर भी हाथ साफ कर दिया।
पड़ोसियों ने दी सूचनागौरतलब है कि रविवार सुबह राजेंद्र भार्गव के मकान के ताले टूटे देखकर पड़ोसियों ने उनके भाई पूर्व पार्षद दिलीप भार्गव को सूचना देकर बुलाया। बदमाशों ने मुख्य गेट पर लगे 2 ताले तोड़े और अंदर रखी स्कूटी को निकाल कर अंदर घुसे। इसके बाद घर का सामान को अस्त-व्यस्त कर अलमारी के लॉकर भी तोड़ दिए। बदमाशों ने काफी देर तक घर में कीमती सामान की तलाश भी की। पुलिस का कहना है कि राजेंद्र भार्गव के आने के बाद ही चोरी के माल का खुलासा हो पाएगा।
वारदात में तीन बदमाश शामिलदोनों ही मामले में पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है। जांच के दौरान पुलिस को कुछ सीसीटीवी फुटेज मिले है। जिसके आधार पर आरोपियों को तलाशा जा रहा है। पुलिस का कहना है कि आरोपी वारदात करने के बाद इंदौर की ओर भाग निकले है। तीनों बदमाशों ने वारदात के पहले मकानों की रैकी की। उसके बाद नकाब पहनकर दोनों मकानों के ताले तोड़े गए। पुलिस को शंका है कि वारदात में एक युवती भी शामिल है।
—————
हिन्दुस्थान समाचार / ललित ज्वेल
