उज्जैन , 13 अप्रैल (हि.स.)। मध्य प्रदेश के उज्जैन में नानाखेड़ा क्षेत्र में सूने मकान में हुई लाखों की चोरी का पुलिस ने सोमवार को खुलासा कर दिया है। पुलिस ने तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से करीब 10 लाख रुपये कीमत के सोने के जेवरात बरामद किए हैं।

नानाखेड़ा थाना पुलिस ने बताया कि ऋषि नगर एक्सटेंशन निवासी केशव पुत्र रतनेश जोशी ने 10 अप्रैल को घर में चोरी का प्रकरण दर्ज कराया था। उन्होने पुलिस को बताया कि 9 अप्रैल को वह घर पर ताला लगाकर कोचिंग गया था, जबकि उसकी मां मायके गई हुई थी। शाम करीब साढ़े सात बजे जब वह लौटा तो मकान का ताला टूटा मिला और अंदर रखे सोने के जेवरात व नगदी गायब थे। प्रारंभिक जांच में ही पुलिस को मामला संदिग्ध लग रहा था। यहीं कारण है कि पुलिस ने मामले में केशव के मकान में किराए से रहने वाला वेदांत पिता बलराम त्रिवेदी 20 वर्ष निवासी ग्राम रावदिया पीर भाटपचलाना को भी शंका के घेरे में लिया था। पुलिस ने जब उसे हिरासत में लेकर पूछताछ की तो उसने अपना जुर्म कबुल कर लिया।
चोरी का माल बांटावेदांत ने अपने दो साथियों मोहित दत्ता उर्फ मोन्टी पुत्र श्याम 23 वर्ष निवासी चाणक्यपुरी परशुराम मंदिर के पास और अक्षत उर्फ अंशु पुत्र रमेश ठाकुर 21 वर्ष निवासी सुदर्शन नगर तेजाजी महाराज मंदिर के पास के साथ मिलकर रात में ताला तोडक़र घर में रखे आभूषण और नगदी पर हाथ साफ कर दिया था। वारदात के बाद तीनों ने चोरी का मामल आधा-आधा बांट लिया था।
10 लाख रुपए का माल जब्तजिसके बाद पुलिस ने मोहित और अक्षत को भी गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने तीनों चोरों के कब्जे से सोने की 6 चूडिय़ां, 3 अंगूठियां और 1 जोड़ी कान के टॉप्स जब्त किए हैं, जिनकी कुल कीमत करीब 10 लाख रुपये आंकी गई है। पुलिस का कहना है कि आरोपियों से और भी वारदातों के संबंध में पूछताछ की जा रही है।
—————
हिन्दुस्थान समाचार / ललित ज्वेल
