उज्जैन, 12 मार्च (हि.स.)। मध्य प्रदेश के उज्जैन में शहर में घरेलू गैस सिलेण्डर की कालाबाजारी को लेकर लगातार शिकायतों के बाद जिला खाद्य एवं आपूर्ति नियंत्रण विभाग द्वारा कार्रवाई की गई और अवैध रूप से उपयोग में लाए जा रहे रसोई एवं व्यावसायिक गैस सिलेण्डरों को जब्त किया। विभाग द्वारा 35 गैस सिलेण्डर जब्त किए गए।

खाद्य विभाग के चार-चार अधिकारियों की दो टीम ने गुरूवार को मुखबीर की सूचना के बाद कतिपय रेस्टोरेंट एवं भोजनालयों पर छापामारी की। मौके पर 35 से अधिक गैस सिलेण्डर अवैध रूप से उपयोग करते पाये जाने पर जब्त किए गए।
पहली टीम में सहायक खाद्य नियंत्रक संतोष सिमोलिया,खाद्य निरीक्षक अंकिता जोशी, नागेश दाहिमा और भूषण गुज्जर शामिल थे। इन्होने बताया कि सूचना के आधार पर पुराने आरटीओ कार्यालय के समीप रंगीला कैफे से एक घरेलू गैस सिलेण्डर,रेलिस फ्रायड अण्डा शहीद पार्क से 9 गैस सिलेण्डर, जैन कचोरी फ्रीगंज से 2, नवरतन फ्यूजन से 2,ऋषि नगर एक एक रेस्टोरेंट से एक तथा फ्रीगंज में फाफड़ा विक्रेता से 8 सिलेण्डर जब्त किए गए। ये घरेलू गैस सिलेण्डर का व्यावसायिक उपयोग किया जा रहा था।
दूसरी टीम में सहायक खाद्य नियंत्रक चंद्रशेखर बारोड़,खाद्य निरीक्षक समद खान,रश्मि खाम्बेटे आदि ने आकस्मिक जांच की और अन्नपूर्णा शम पवित्र भोजनालय से 6 एवं एक अन्य से 1 ऐसे सात घरेलू गैस के सिलेण्डर जब्त किए गए।
अधिकारियों का कहना था कि कलेक्टर रोशन कुमार सिंह ने सख्त निर्देश दिए हैं कि रसोई गैस की कालाबाजारी पर रोक लगाएं और व्यावसायिक सिलेण्डर्स के लिए जारी एसओपी का पालन सख्ती से करवाएं। इसके चलते विभाग के संबंधितों को निर्देश दिए गए हैं कि वे व्यवसायियों को समझाएं कि डीजल भट्टी का उपयोग करे, पीएनजी या इंडक्शन का उपयोग करें। व्यावसायिक या घरेलू गैस सिलेण्डर का उपयोग करते पाए गए तो सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
उल्लेखनीय है कि ईरान- अमेरिका,इजराइल के बीच चल रहे युद्ध के कारण एलपीजी गैस सहित सभी पेट्रोलियम पदार्थो पर असर आया है। सरकार हालात काबू में बता रही है लेकिन अफवाहों के चलते लोगों द्वारा जमाखोरी की जा रही है। इसी कारण से कालाबाजारी बढ़ती जा रही है।
—————
हिन्दुस्थान समाचार / ललित ज्वेल
