उज्जैन, 09 अप्रैल (हि.स.)। मध्य प्रदेश के उज्जैन जिले में पंवासा थाना पुलिस और क्राइम ब्रांच की टीम ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए ड्रग तस्करी से जुडे 4 आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जिसमें एक महिला पेडलर भी है। पुलिस ने अलग-अलग आरोपियों से बड़ी मात्रा में एमडी ड्रग्स जब्त की है।

पंवासा थाना प्रभारी गमर सिंह मंडलोई ने गुरुवार को बताया कि मुखबिर से सूचना मिली थी कि गरोठ बायपास ब्रिज के नीचे एक महिला और पुरुष बाइक से ड्रग्स सप्लाई करने आए थे। जिसके बाद पुलिस की टीम ने आरोपियों को दबोच लिया। पुलिस के अनुसार कार्रवाई के दौरान जावेद उर्फ खन्ना निवासी झालावाड़ (राजस्थान) और अलीशा उर्फ शमीम निवासी नानाखेड़ा को पकड़ा गया। तलाशी लेने पर इनके पास से 55 ग्राम एमडी ड्रग्स बरामद हुई, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 2.5 लाख रुपये है।
पूछताछ में आरोपियों ने अपने साथियों के बारे में पुलिस को जानकारी दी। जिसके बाद क्राइम ब्रांच की टीम ने उनकी निशानदेही पर पंवासा निवासी ऋतिक और गांधी नगर निवासी आदर्श भदौरिया को भी गिरफ्तार किया। पुलिस ने बताया कि अलीशा ग्राहकों को एमडी की पुडिय़ा बेचती थी, जबकि ऋतिक और आदर्श ड्रग्स की सप्लाई उपलब्ध कराते थे।
—————
हिन्दुस्थान समाचार / ललित ज्वेल
