मृत्युंजय दीक्षित

देश में लगभग 4000 करोड़ की लागत से बनाई जा रही फिल्म रामायण का प्रथम टीजर यू-टयूब पर हनुमान जयंती पर रिलीज किया गया । आरंभिक तौर पर व्यावसायिक प्रमोशन और तगड़े प्रचार ने फिल्म को लेकर एक उत्साह का वातावरण बनाया किन्तु यह जल्दी ही ठंडा पड़ गया। इसके निर्माता नमित मल्होत्रा और निर्देशक नितेश तिवारी हैं। यह पहले छिछोरे और दंगल जैसी फिल्में बना चुके हैं। फिल्म में अभिनेता रणबीर कपूर राम और दक्षिण की अभिनेत्री साई पल्लवी माता सीता की भूमिका में हैं। सनी देओल हनुमान और यश रावण की भूमिका में हैं।
टीजर साथ कैप्शन लिखा गया ,” राम सबसे महान इसलिए हैं क्योंकि उन्होंने हमेशा बड़े हित कर्तव्य को इच्छा से ऊपर और त्याग को स्वार्थ से ऊपर रखा। उनका जीवन मानवता को सशक्त बनाता है अच्छाई की आस्था जगाता है और दुनिया में शांति स्थापित करता है।” सनातनियों का मानना है कि यह परिचय (नरेशन) प्रभु राम की सनातन आस्था के प्राण तत्व से परे जाकर उनको एक साधारण तथाकथित धर्मनिरपेक्ष राजा के रूप में प्रस्तुत करता है । इस नरेशन से उनकी दिव्यता प्रकट नहीं होती।
दो मिनट 38 सेकंड का लंबा टीजर दर्शकों को फिल्म के एक्शन, एडवेंचर, किरदारों और युद्ध के दृश्यों की झलक दिखाता है। खूबसूरत विजुअल्स के बीच स्क्रीन पर एक संदेश भी दिखाया गया है जिसमें लिखा है, ”जब भी दुनिया अराजकता में डूबने लगती है तब वह हमेशा जवाब होते हैं। 5000 वर्ष से हमारे दिल पर राज करने वाले हमारे रक्षक, हमारे हीरो, हमारे लीजेंड ।हम महान मर्यादा पुरुषोत्तम राम का जश्न मनाते हैं।” यह संदेश भी सनातनियों को भाव और भाषा की दृष्टि से नितांत सतही लगा और इसकी काफी आलोचना हो रही है।
सबसे बड़ी शिकायत फिल्म में कलाकारों के चयन को लेकर है। प्रभु राम बने रणबीर कपूर को लोग भगवान के रूप में स्वीकार नहीं कर पा रहे हैं। रणबीर कपूर का फिल्म की शूटिंग के दौरान शाकाहारी रहने का झूठ भी सामने आया। उसका वीडियो वायरल है। लोग कह रहे हैं इतने झूठे व्यक्ति को श्रीराम की भूमिका में कैसे स्वीकार कर लें ? भारी मेकअप और उम्र कम करने के सारे प्रयासों के बाद भी वो औरा में इंद्रदेव से अधिक नहीं लग पा रहे हैं। लोगों को उनमें सौम्यता व शांति का अभाव दिख रहा है।साईं पल्लवी भारत विरोधी विचारों, पाकिस्तान के आतंकवादियों के प्रति अपने प्रेम को लेकर चर्चा में रही हैं। माता सीता के रूप में उनके चयन का विरोध पहले दिन से ही हो रहा है।
सबसे कमजोर पक्ष अल्ला रक्खा का संगीत है, जो भारत के दैवीय शास्त्रीय संगीत की जगह अरेबियन नाइट्स के संगीत की तरह है। कुल मिलाकर तमाम प्रचार के बावजूद फिलहाल टीजर रामभक्तों को रिझाने में विफल रहा है। इस फिल्म को दीपावली पर सिनेमाघरों में रिलीज करने की योजना है। दावा किया गया है कि इसमें राम के योद्धा रूप, वनवास के दृश्यों और यश के रावण रूप की एक झलक इसे भारत की सबसे महंगी फिल्म बनाता है। टीजर में हाई-एंड विजुअल इफेक्ट्स और ‘लॉर्ड ऑफ द रिंग्स’ जैसा भव्य स्केल है।
(लेखक, स्वतंत्र टिप्पणीकार हैं।)
—————
हिन्दुस्थान समाचार / मुकुंद
