धमतरी , 02 फ़रवरी (हि.स.)। कुरुद ब्लाक के ग्राम परखंदा के अंतरराष्ट्रीय बाल बैडमिंटन खिलाड़ी नरेंद्र कुमार उत्कृष्ट खेल प्रमाण पत्र बनाने के लिए शासकीय कार्यालयों में चक्कर लगा रहे हैं। खेल और श्रम विभाग में किसी तरह से सहयोग नहीं मिलने के बाद सोमवार को कलेक्ट्रेट पहुंच कर कलेक्टर अबिनाश मिश्रा से मुलाकात कर अपनी समस्या से अवगत कराया और ज्ञापन सौंपा।

बाल बैडमिंटन खिलाड़ी नरेंद्र कुमार ने बताया कि उनके पिता श्रमिक है। घर की आर्थिक स्थिति काफी खराब है। जनप्रतिनिधियों, शिक्षकों और ग्रामीणों के सहयोग से खेल के क्षेत्र में आगे बढ़ रहे हैं। एक से पांच जनवरी तक इंडो नेपाल बाल बैडमिंटन टेस्ट सीरीज में भारतीय पुरुष टीम की ओर से भाग लेकर गोल्ड मेडल जीता है। कक्षा पांचवीं से बाल बैडमिंटन खेल रहे हैं। 10 राष्ट्रीय और 25 राज्यस्तरीय प्रतियोगिता में भाग लेकर पदक जीता है। छत्तीसगढ़ शासन द्वारा निर्माण श्रमिकों के लिए खेल प्रोत्साहन योजना संचालित है। जिसमें राष्ट्रीय खिलाडियों को 50000 रुपये राशि मिलती है। इसके लिए आवेदन करने के लिए श्रम विभाग द्वारा उत्कृष्ट खेल प्रमाण पत्र मांगा जा रहा है। जिसको लेकर एक माह पूर्व खेल विभाग में आवेदन देकर उत्कृष्ट खेल प्रमाण पत्र प्रदान करने की मांग किया था। लेकिन आज दिनांक तक प्रमाण पत्र प्रदान नहीं किया गया है। खेल विभाग द्वारा 2024 और 2025 में खिलाड़ियों को उत्कृष्ट खेल प्रमाण पत्र प्रदान किया गया है। लेकिन अब प्रमाण पत्र जारी करने के लिए घुमाया जा रहा है। इससे परेशान होकर कलेक्टर से मुलाकात करने आए हैं। उन्होंने प्रमाण पत्र दिलाने का आश्वासन दिया है।
हिन्दुस्थान समाचार / रोशन सिन्हा
