–खनिज में सौ फीसदी से ज्यादा राजस्व हासिल करने में डीएम ने की सराहना

हमीरपुर, 02 फरवरी (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के हमीरपुर जिले में प्रशासनिक सेवा से रिटायर्ड एडीएम फाइनेंस विजय शंकर तिवारी को आज सोमवार को यहां जिलाधिकारी की ओर से खनिज अधिकारी ने उत्कृष्ट सेवाओं के लिए प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया है।

पीसीएस विजय शंकर तिवारी ने 14 फरवरी 2024 को यहां हमीरपुर में एडीएम फाइनेंस का कार्यभार संभाला था। उन्होंने अपने करीब 22 मास के कार्यकाल में जिले में ओवर लोडिंग और अवैध खनन पर शिकंजा कसते हुए सरकार के खजाने में रिकार्ड तोड़ राजस्व जमा कराया है। वर्ष 2024-25 में शासन से लक्ष्य के सापेक्ष 103 फीसदी से अधिक राजस्व जमा कराकर हमीरपुर को पूरे बुंदेलखंड में पहले पायदान पर पहुंचाया। एडीएम के रिटायर्ड होने पर जिलाधिकारी घनश्याम मीना ने प्रशस्ति पत्र देकर उनके कार्यों की प्रशंसा की है। जिलाधिकरी की ओर से प्रशस्ति पत्र खनिज अधिकारी विकास परमार ने आज विजय शंकर तिवारी को दिया।
खनिज अधिकारी ने बताया कि खनिज में वर्ष 2024-25 में 454 करोड़ लक्ष्य के सापेक्ष 498.81 करोड़ रुपये का राजस्व सरकार के खजाने में जमा कराया गया जो लक्ष्य का 103 फीसदी से अधिक है। बताया कि जिले में अवैध खनन और ओवर लोडिंग पर शिकंजा कसने के साथ ही हमीरपुर जिले में अठारह नए खनन क्षेत्र चिन्हित कर जिला सर्वेक्षण रिपोर्ट में सम्मिलित कराया गया है। एडीएम के पद से रिटायर्ड होने के बाद आज सोमवार को वह कर्मियों से विदाई लेकर अपने गृह जनपद चले गए।
—————
हिन्दुस्थान समाचार / पंकज मिश्रा
