देहरादून, 16 फ़रवरी (हि.स.)। प्रदेश कांग्रेस कमेटी ने साेमवार काे राजभवन की ओर कूच कर भाजपा सरकार के खिलाफ अपना आंदोलन शुरू कर दिया। राजभवन की ओर जाते कांग्रेस कार्यकर्ताओं काे पुलिस ने हाथी बड़कला बैरिकेडिग के पास राेक लिया। इस पर पुलिस और कांग्रेस कार्यकर्ताओं की बीच खींचतान हुई। कांग्रेस कार्यकर्ता बैरिकेडिंग के ऊपर चढ़ गए। बाद में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने सड़क पर धरना दिया।

आज राज्य कांग्रेस ने अपने पूर्व घोषित कार्यक्रम के अनुसार सरकार के खिलाफ नारेबाजी कर अपना आंदोलन शुरू कर दिया। परेड ग्राउंड से प्रदेश कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष गणेश गोदियाल के नेतृत्व में बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता हाथों में पोस्टर, बैनर और झंडे लेकर राजभवन की ओर कूच किया। पुलिस ने कांग्रेस कार्यकर्ताओं को हाथी बड़कला में बेरिकेडिंग लगाकर रोक लिया। बाद मेंकांग्रेस कार्यकर्ताओं ने सड़क पर बैठ कर धरना दिया और भाजपा सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।

इस मौके पर कांग्रेस प्रदेश चुनाव अभियान समिति के अध्यक्ष व कार्यक्रम संयोजक प्रीतम सिंह ने महिला अपराध, भ्रष्टाचार, बेरोजगारी, ध्वस्त कानून व्यवस्था, महंगाई व जंगली जानवरों के हमलों की निंदा की। उन्होंने कहा कि भाजपा हर मोर्चे पर असफल है। धरना स्थल पर कांग्रेस कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने कहा कि कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने प्रदेश के कोने-कोने से हजारों की सुख्या में पहुंचकर ऐतिहासिक राजभवन घेराव कर भाजपा की धामी सरकार के ताबूत में अंतिम कील ठोकी है।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने भाजपा सरकार की जड़ों को हिलाने का काम कर दिया है और आने वाले 2027 के विधानसभा चुनाव में निश्चित रूप से इसका लाभ कांग्रेस पार्टी को मिलेगा और जनता भाजपा सरकार की तानाशाही, जनविरोधी नीतियों और कुशासन से निजात पाएगी। कार्यक्रम संयोजक प्रीतम सिंह ने कहा कि कांग्रेस एकजुट है और भाजपा की प्रदेश विरोधी नीतियों से आमजन त्रस्त है। उन्होंने कहा कि आने वाले विधानसभा चुनाव में उत्तराखंड से भाजपा का नामो-निशान मिट जाएगा। घेराव में पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत, चुनाव संचालन समिति के डॉ हरक सिंह रावत आदि शामिल रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / डॉ विनोद पोखरियाल
