देहरादून, 17 अप्रैल (हि.स.)। उत्तराखंड शासन ने भारतीय प्रशासनिक सेवा (आईएएस) के छह और 25 पीसीएस व एक सचिवालय सेवा सहित कुल 32 अधिकारियों के स्थानांतरण एवं तैनाती के आदेश जारी किए हैं। इनमें कई अधिकारियों को नए विभागीय दायित्व सौंपे गए हैं, जबकि कुछ के कार्यक्षेत्र में परिवर्तन किया गया है।

संयुक्त सचिव राजेंद्र सिंह पतियाल की ओर से शुक्रवार देर शाम जारी स्थानांतरण आदेश में आईएएस अधिकारी आनन्द स्वरूप को सचिव, खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता मामले तथा परियोजना निदेशक यू-प्रिपेयर के दायित्व से मुक्त करते हुए केवल आयुक्त, खाद्य का पदभार सौंपा गया है। शेष पदभार यथावत रहेंगे।
आईएएस अधिकारी रूचि मोहन रयाल से अपर आयुक्त (नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता मामले, आपूर्ति/आईटी शाखा) का दायित्व वापस ले लिया गया है। आईएएस अधिकारी प्रकाश चन्द्र को संयुक्त मुख्य निर्वाचन अधिकारी, उत्तराखंड के दायित्व से मुक्त किया गया है। बंशी लाल राणा को निदेशक, महिला कल्याण एवं आईसीडीएस के साथ-साथ आयुक्त, खाद्य का अतिरिक्त प्रभार सौंपा गया है। आईएएस अधिकारी गौरी प्रभात को रानीखेत से स्थानांतरित कर संयुक्त मजिस्ट्रेट, पौड़ी गढ़वाल नियुक्त किया गया है, जबकि दीक्षिता जोशी को पौड़ी गढ़वाल से हटाकर संयुक्त मजिस्ट्रेट, रानीखेत की जिम्मेदारी दी गई है।
पीसीएस नरेंद्र सिंह को उत्तराखंड आयुर्वेद विश्वविद्यालय, हर्रावाला (देहरादून) में कुलसचिव (रजिस्ट्रार) के पद से हटाया गया है। अब उनके पास अपर आयुक्त, आबकारी सहित अन्य दायित्व रहेंगे। शिवकुमार बरनवाल को सचिव, अधीनस्थ सेवा चयन आयोग, देहरादून का दायित्व सौंपा गया है। प्रकाश चंद्र दुमका को संयुक्त मुख्य निर्वाचन अधिकारी, उत्तराखंड के पद पर नियुक्त किया गया है। नंदन सिंह डुंगरियाल (सचिवालय सेवा) को संयुक्त सचिव से बदलकर सचिव, अधीनस्थ सेवा चयन आयोग, देहरादून भेजा गया है।
अवधेश कुमार सिंह को टिहरी गढ़वाल में अपर जिलाधिकारी पद से बदलकर संयुक्त निदेशक, शहरी विकास निदेशालय, देहरादून की जिम्मेदारी दी गई है। शैलेंद्र सिंह को टिहरी गढ़वाल में अपर जिलाधिकारी की जिम्मेदारी दी गई है। वैभव गुप्ता को अपर जिलाधिकारी (वि./रा.), हरिद्वार के पद पर तैनाती दी गई है।
सौरभ असवाल को अपर जिलाधिकारी (वि./रा.), नैनीताल एवं सक्षम प्राधिकारी, नैनीताल (अतिरिक्त प्रभार सहित) और मनीष कुमार सिंह को डिप्टी कलेक्टर, हरिद्वार से संबंधित नई तैनाती दी गई है। सन्तोष कुमार पाण्डे को उप सचिव, उत्तराखंड सूचना आयोग और लक्ष्मीराज चौहान को परीक्षा नियंत्रक, यूकेएसएसएससी की जिम्मेदारी दी गई है। कुश्म चौहान को महाप्रबंधक, गढ़वाल मंडल विकास निगम, देहरादून व हर गिरि को डिप्टी कलेक्टर, हरिद्वार नियुक्त किया गया है।
अनुराग आर्या को नैनीताल, रविन्द्र कुमार जुवांठा को देहरादून, सुधीर कुमार को डिप्टी कलेक्टर, नैनीताल, हिमांशु कफल्टिया को डिप्टी कलेक्टर, ऊधमसिंह नगर, प्रेमलाल को डिप्टी कलेक्टर, उत्तरकाशी, यशवीर सिंह को डिप्टी कलेक्टर, चमोली, मुकेश चन्द्र रमोला को डिप्टी कलेक्टर, देहरादून, विपिन चन्द्र पन्त को डिप्टी कलेक्टर, चम्पावत, सुनील कुमार को डिप्टी कलेक्टर, चम्पावत, पंकज भट्ट को डिप्टी कलेक्टर, टिहरी गढ़वाल, अल्केश नौडियाल को डिप्टी कलेक्टर, चमोली, कृष्णा त्रिपाठी को डिप्टी कलेक्टर, रुद्रप्रयाग और अंकित राज को पिथौरागढ़ में डिप्टी कलेक्टर की जिम्मेदारी दी गई है। आदेश में कहा गया है कि सभी अधिकारी अपने वर्तमान पदभार से कार्यमुक्त होकर नवीन तैनाती ग्रहण करेंगे।
हिन्दुस्थान समाचार / राजेश कुमार पांडेय
