बागडोगरा, 26 जनवरी (हि. स.)। विधानसभा-2026 के चुनाव को लक्ष्य बनाकर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने उत्तर बंगाल में अपनी गतिविधियां और तेज कर दी है। उत्तर बंगाल को भाजपा का मजबूत गढ़ बताते हुए पार्टी के सहायक ऑब्जर्वर एवं सांसद बिप्लब देब एक बार फिर सोमवार को बागडोगरा एयरपोर्ट पहुंचे है।

इस दौरान सखेर बाजार की घटना को लेकर उन्होंने तृणमूल कांग्रेस पर तीखा हमला बोला है। बिप्लब देब ने कहा कि विनाश काले विपरीत बुद्धि काम करती है। गुस्से में गरीब लोगों का नुकसान किया गया डेकोरेटर की कुर्सी और टेबल तोड़ दी गई। उन्होंने ममता बनर्जी पर कटाक्ष करते हुए कहा कि मुख्यमंत्री के पास किसी को नौकरी देने की क्षमता नहीं है, लेकिन लोगों की रोजी-रोटी छीनने की ताकत जरूर है। अगर दादागिरी दिखानी है तो मेरे सामने आकर दिखाएं।
उन्होंने कहा कि भाजपा के केंद्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन जल्द ही प्रदेश के दौरे पर आ रहे है। उनके कई अहम बैठक प्रस्तावित है और वे बर्धमान जाएंगे। नए केंद्रीय अध्यक्ष के दौरे को लेकर पार्टी कार्यकर्ताओं में खासा उत्साह है।
पार्टी सूत्रों के अनुसार, बिप्लब देब की आज कर्सियांग में सभा है, मंगलवार को अलीपुरद्वार में जनसभा करेंगे और उसके बाद दिल्ली रवाना होंगे।
हिन्दुस्थान समाचार / सचिन कुमार
