पश्चिमी सिंहभूम, 31 मार्च (हि.स.)।

पश्चिम सिंहभूम जिले के गिधनी रेलवे स्टेशन पर 12 अप्रैल से 18 अप्रैल तक कई यात्री ट्रेनों का दो मिनट का अस्थायी ठहराव किया जाएगा। यह व्यवस्था श्री श्री ठाकुर अनुकूल चंद्र नववर्ष उत्सव 1433 के आयोजन को देखते हुए की गई है, ताकि बड़ी संख्या में आने वाले श्रद्धालुओं को सुविधा मिल सके।
रेलवे प्रशासन ने मंगलवार को जानकारी देते हुए बताया कि सक्षम प्राधिकारी की स्वीकृति के बाद यह विशेष ठहराव लागू किया गया है। इस दौरान हावड़ा-टाटा स्टील एक्सप्रेस, टाटा-हावड़ा स्टील एक्सप्रेस, हावड़ा-जूनागढ़ रोड इस्पात एक्सप्रेस, जूनागढ़ रोड-हावड़ा इस्पात एक्सप्रेस, हावड़ा-कांताबांजी इस्पात एक्सप्रेस, कांताबांजी-हावड़ा इस्पात एक्सप्रेस के साथ-साथ हावड़ा-रांची (टाटा मार्ग से) इंटरसिटी एक्सप्रेस और रांची-हावड़ा इंटरसिटी एक्सप्रेस का निर्धारित समय के अनुसार दो मिनट का ठहराव गिधनी स्टेशन पर होगा।
इसके अतिरिक्त 18 अप्रैल को यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए हावड़ा-घाटशिला मेमू एक्सप्रेस तथा घाटशिला-हावड़ा मेमू एक्सप्रेस का विशेष संचालन भी किया जाएगा। इससे स्थानीय यात्रियों के साथ-साथ उत्सव में शामिल होने वाले लोगों को अतिरिक्त राहत मिलेगी।
रेलवे प्रशासन ने यात्रियों से अपील की है कि वे यात्रा से पहले ट्रेनों के समय की जानकारी सुनिश्चित कर लें और इस अस्थायी व्यवस्था का लाभ उठाएं। यह सुविधा केवल उत्सव अवधि तक ही सीमित रहेगी।
—————
हिन्दुस्थान समाचार / गोविंद पाठक
