उदयपुर, 07 फ़रवरी (हि.स.)।

श्री चतुर्भुज हनुमान राष्ट्रीय व्यायामशाला समिति एवं उदयपुर जिला कुश्ती संघ के संयुक्त तत्वावधान में स्वर्गीय उस्ताद ओमप्रकाश सेन की स्मृति में दो दिवसीय राज्य स्तरीय अंडर-15 बालक-बालिका कुश्ती प्रतियोगिता रविवार से एमबी ग्राउंड स्थित अटल बिहारी मल्टी परपज इंडोर हॉल में आयोजित की जा रही है। प्रतियोगिता का उद्घाटन रविवार प्रातः 11 बजे होगा।

जिला कुश्ती संघ के अध्यक्ष पारस सिंघवी ने बताया कि प्रतियोगिता में राजस्थान भर से 350 से अधिक बालक एवं बालिका पहलवान भाग लेंगे। विभिन्न वर्गों में 30 स्वर्ण, 30 रजत एवं 60 कांस्य पदकों के लिए मुकाबले होंगे। सरकार की ओर से स्वर्ण पदक विजेताओं को एक लाख, रजत पदक विजेताओं को 50 हजार तथा कांस्य पदक विजेताओं को 25 हजार रुपये का पुरस्कार दिया जाएगा।
प्रतियोगिता को निष्पक्ष और पारदर्शी बनाने के लिए राजस्थान कुश्ती संघ के सचिव उमेद सिंह द्वारा तकनीकी टीम गठित की गई है, जिसमें भारतीय कुश्ती संघ के तीन अंतरराष्ट्रीय रेफरी शामिल हैं। दो अंतरराष्ट्रीय कोच भी तकनीकी मार्गदर्शन देंगे। थर्ड अंपायर व्यवस्था के लिए अतिरिक्त रेफरी एवं निर्णयों की स्पष्टता के लिए बड़ी एलईडी स्क्रीन लगाई गई है। राजस्थान कुश्ती संघ के अध्यक्ष राजीव दत्ता की विशेष उपस्थिति रहेगी।
इसी क्रम में उदयपुर को ओलम्पिक कुश्ती की तैयारी का केंद्र बनाने की दिशा में भी महत्वपूर्ण पहल की गई है। पारस सिंघवी ने बताया कि शहर के चार पारंपरिक अखाड़ों में मिट्टी के साथ मैट उपलब्ध कराने पर सहमति बनी है, जिससे पहलवान दोनों स्तरों पर अभ्यास कर सकेंगे। इससे राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय स्तर पर मैट कुश्ती की तैयारी को मजबूती मिलेगी। आयोजन अध्यक्ष सिद्धार्थ शर्मा एवं आयोजन सचिव पहलाद चौहान ने बताया कि प्रतियोगिता युवा पहलवानों को मंच देने के साथ कुश्ती को नई दिशा देगी। देवेंद्र साहू, भंवरसिंह, दीपक राजोरा, हरीश राजोरा, हरीश यादव सहित टीम द्वारा तैयारियां अंतिम चरण में हैं।
—-
—————
हिन्दुस्थान समाचार / सुनीता
