

अररिया 25 जनवरी(हि.स.)फारबिसगंज के ढोलबज्जा स्टेशन चौक पर बिहार सरकार के उद्योग मंत्री डॉ दिलीप कुमार जायसवाल के द्वारा रविवार को पप्पू जायसवाल एवं प्रदीप जायसवाल द्वारा स्थापित पशुपति इंडस्ट्री राइस मिल का उद्घाटन फीता काटकर किया गया।

मौके पर स्थानीय विधायक मनोज विश्वास,नरपतगंज विधायक देवयंती यादव,भाजपा जिलाध्यक्ष आदित्य नारायण झा,फारबिसगंज नगर परिषद की चेयरमैन वीणा देवी समेत बड़ी संख्या में भाजपा के कार्यकर्ता और शहर के प्रबुद्ध लोग मौजूद थे।मंत्री सहित मौजूद नेताओं और लोगों ने राइस मिल घूमकर जायजा लिया।
मौके पर उद्योग मंत्री डॉ दिलीप कुमार जायसवाल ने कहा कि अररिया और फारबिसगंज में उद्योग एवं रोजगार को सशक्त करने की दिशा में यह एक महत्वपूर्ण कदम है।उन्होंने कहा कि यह नया उद्योग क्षेत्र में कृषि आधारित विकास को गति देगा, स्थानीय किसानों को लाभ पहुंचाएगा तथा युवाओं के लिए रोजगार के नए द्वार खोलेगा। ऐसे प्रयास आत्मनिर्भर बिहार की दिशा में मजबूत आधार तैयार करते हैं।
उन्होंने कहा कि बिहार में उद्योग का जाल बिछना शुरू हो गया है और तेजी से राज्य औद्योगिकीकरण की ओर बढ़ रहा है।उन्होंने कहा कि पशुपति राइस मिल खुलने से किसानों को उनके द्वारा उत्पादित धान का न केवल समुचित कीमत मिलेगा,बल्कि रोजगार के भी नित्य नए साधन खुलेंगे सैकड़ों लोगों के रोजगार का यह केंद्र बनेगा।उन्होंने कहा कि रोजगार लेना बड़ा बात नहीं है, बल्कि रोजगार का सृजन करना बड़ी बात है और इसके लिए पप्पू जायसवाल और प्रदीप जायसवाल बधाई के पात्र हैं।
हिन्दुस्थान समाचार / राहुल कुमार ठाकुर
