उन्नाव, 28 जनवरी (हि.स.)। उत्तर प्रदेश में उन्नाव जिले असोहा थाना क्षेत्र में मंंगलवार देर रात को एक महिला शिक्षामित्र की गोली मारकर हत्या कर दी गई। गोली की आवाज सुनकर सो रहे परिजन और आसपास के लोग जग गए लेकिन तब तक हमलावार फरार हो चुके थे। पुलिस अधीक्षक जयप्रकाश सिंह ने घटनास्थल का मौका मुआयना किया। पुलिस और फारेंसिक टीम ने घटनास्थल की जांच कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा।

एसपी ने बताया कि असोहा थाना क्षेत्र स्थित ग्राम गोकुलपुर निवासी ओमकार पासी की पत्नी श्री कांति (39) गांव के ही प्राथमिक विद्यालय में पिछले करीब 14 वर्षों से शिक्षामित्र थी। परिवार में पति ओमकार के अलावा 15 वर्षीय बेटा रौनक और 13 वर्षीय बेटी रिया हैं। ओमकार ने पुलिस काे बताया कि मंगलवार रात एक बजे अज्ञात लोगों ने सोते समय गोली मारकर उसकी पत्नी की हत्या कर दी। घटना की सूचना मिलते ही थाना असोहा पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और फॉरेंसिक टीम के साथ घटनास्थल से साक्ष्य एकत्र किए।
मृतका के पति ओमकार ने अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ तहरीर दी है, जिसके आधार पर पुलिस ने हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया। पुलिस का कहना है कि शुरुआती जांच में हत्या के कारणों का अभी स्पष्ट खुलासा नहीं हो पाया है। आपसी रंजिश, पारिवारिक विवाद, व्यक्तिगत दुश्मनी सहित सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच की जा रही है।
इस मामले में एसपी जयप्रकाश सिंह ने कहा कि हत्या की घटना बेहद गंभीर है। सभी पहलुओं पर गहन जांच की जा रही है और पुलिस की कई टीमें गठित कर दी गई हैं, जल्द ही आरोपितों को गिरफ्तार कर मामले का खुलासा किया जाएगा।————————
हिन्दुस्थान समाचार / अरुण कुमार दीक्षित
