राजौरी, 10 फ़रवरी (हि.स.)।

उपायुक्त राजौरी अभिषेक शर्मा ने जिले में अवैध खनन पर पूर्ण प्रतिबंध लगाने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने मल्टी-डिपार्टमेंटल जिला-स्तरीय टास्क फोर्स की बैठक की अध्यक्षता करते हुए माइनिंग सर्विलांस एंड मॉनिटरिंग पोर्टल के प्रभावी क्रियान्वयन की समीक्षा की।

बैठक में खनन गतिविधियों की निगरानी, नियंत्रण एवं विनियमन को लेकर विभिन्न विभागों के बीच बेहतर समन्वय पर जोर दिया गया। उपायुक्त ने खनन से जुड़े सभी वाहनों में जीपीएस लगाए जाने की स्थिति की समीक्षा की और निर्देश दिए कि खनन, परिवहन एवं इससे संबंधित सभी वाहनों को बिना किसी देरी के जीपीएस निगरानी प्रणाली से जोड़ा जाए तथा उन्हें बीआईएसएजी से रियल-टाइम में कनेक्ट किया जाए।
डीसी ने अवैध खनन के प्रति जीरो टॉलरेंस नीति अपनाने के निर्देश देते हुए कहा कि बिना अनुमति खनन, खनिज परिवहन या इससे जुड़ी किसी भी गतिविधि में संलिप्त वाहनों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए। उन्होंने ऐसे मामलों में वाहनों की जब्ती और भारी जुर्माना लगाने के भी निर्देश दिए।
बैठक में खनिज उत्खनन, क्रशिंग यूनिट्स और खनिज परिवहन की स्थिति की समीक्षा की गई। साथ ही विभिन्न इकाइयों को जारी पर्यावरणीय मंजूरी तथा कंसेंट टू ऑपरेट पर भी चर्चा की गई।
इस बैठक में एसएसपी राजौरी गौरव सिकारवार, एडीसी राजौरी चंद्र प्रकाश, एसीआर मोहम्मद जहांगिर खान, आई एंड एफसी विभाग के कार्यकारी अभियंता (राजौरी एवं नौशहरा), वन विभाग के मंडल वन अधिकारी (राजौरी एवं नौशहरा) तथा पीसीसी राजौरी के डिविजनल ऑफिसर उपस्थित रहे।
—————
हिन्दुस्थान समाचार / रमेश गुप्ता
