गुमला, 19 अप्रैल (हि.स.)। जिला मुख्यालय में रविवार को आयोजित जेपीएससी परीक्षा को लेकर

प्रशासन पूरी तरह सतर्क रही। परीक्षा की निष्पक्षता और पारदर्शिता सुनिश्चित
करने के उद्देश्य से जिले के उपायुक्त दिलेश्वर महतो ने स्वयं विभिन्न परीक्षा
केंद्रों का औचक निरीक्षण किया।
इस
दौरान उपायुक्त दिलेश्वर महतो ने कार्तिक उरांव महाविद्यालय , संत इग्नासियुस उच्च विद्यालय , उर्सुलाईन कॉन्वेंट बालिका उच्च
विद्यालय, संत पांत्रिक उच्च विद्यालय , सरस्वती विद्या मंदिर उच्च विद्यालय
, एस.एस बालिका उच्च विद्यालय , संत अन्ना उच्च विद्यालय सहित विभिन्न परीक्षा केन्दों का
निरक्षण किया । निरीक्षण के दौरान उन्होंने परीक्षा केंद्रों पर मौजूद व्यवस्था
का जाएजा लिया और संबंधित अधिकारियों को कई आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उपायुक्त ने
सभी केंद्र अधीक्षकों को स्पष्ट निर्देश दिया कि परीक्षा प्रक्रिया में किसी भी
प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
उन्होंने कहा कि अभ्यर्थियों को
शांतिपूर्ण और व्यवस्थित वातावरण उपलब्ध कराना प्रशासन की प्राथमिक जिम्मेदारी है।
निरीक्षण के दौरान उन्होंने कक्षाओं में बैठने की व्यवस्था, प्रश्न पत्र वितरण प्रक्रिया, सीसीटीवी निगरानी तथा प्रवेश द्वार पर
जांच की स्थिति का बारीकी से निरीक्षण किया।
उपायुक्त ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि परीक्षा के दौरान
किसी भी संदिग्ध गतिविधि पर तुरंत कार्रवाई की जाए और इसकी सूचना उच्च अधिकारियों
को दी जाए। उन्होंने यह भी सुनिश्चित करने को कहा कि परीक्षा केंद्रों के आसपास
अनावश्यक भीड़ न लगे। इस दौरान मुख्य रूप से अपर समाहर्त्ता
शशिन्द्र कुमार बडाईक, अनुमण्डल पदाधिकारी राजीव नीरज, जिला शिक्षा अधीक्षक नूर आलम सहित अन्य उपस्थित थे।
—————
हिन्दुस्थान समाचार / हरि ॐ सुधांशु सुधांशु
