
सारण, 10 फ़रवरी (हि.स.)। जिला अंतर्गत ग्राम पंचायतों में आपातकालीन स्वास्थ्य सेवाओं को सुदृढ़ करने के उद्देश्य से उप विकास आयुक्त लक्ष्मण तिवारी ने सांसद पंचायत एम्बुलेंस सेवा योजना की विस्तृत समीक्षा की। विकास भवन में आयोजित इस बैठक का मुख्य उद्देश्य योजना के प्रभावी संचालन को सुनिश्चित करना और ग्रामीण स्तर पर इसकी उपयोगिता का आकलन करना था। समीक्षा के दौरान उप विकास आयुक्त ने एम्बुलेंसों के रखरखाव और वर्तमान संचालन स्थिति की बारीकी से जांच की। उन्होंने स्पष्ट किया कि एम्बुलेंस का लाभ पंचायत स्तर पर अंतिम व्यक्ति तक पहुँचना चाहिए।

डीडीसी ने पंचायत सचिवों को निर्देशित किया कि एम्बुलेंस की तकनीकी स्थिति और ईंधन की उपलब्धता पर नियमित नजर रखें, ताकि आपात स्थिति में मरीजों को देरी का सामना न करना पड़े। उन्होंने उपस्थित अधिकारियों से कहा की एम्बुलेंसों की मरम्मत और फिटनेस की समय-समय पर जांच, पंचायत स्तर पर ग्रामीणों को इस सेवा के प्रति जागरूक करना। बैठक में जिला पंचायत राज पदाधिकारी, जिला योजना पदाधिकारी, इंजीनियर सत्येंद्र सिंह एवं विभिन्न पंचायतों के पंचायत सचिव उपस्थित थे। अधिकारियों को सख्त निर्देश दिया गया कि वे समन्वय स्थापित कर इस जीवनरक्षक सेवा को और अधिक विश्वसनीय बनाएं।

—————
हिन्दुस्थान समाचार / धनंजय कुमार
