– जम्मू-कश्मीर विधानसभा का बजट सत्र २ फरवरी से, पहले बुलाई जाएगी सर्वदलीय बैठक

जम्मू, 27 जनवरी (हि.स.)। जम्मू-कश्मीर विधानसभा के अध्यक्ष अब्दुल रहीम राथर ने मंगलवार को कहा कि अगले महीने शुरू होने वाले बजट सत्र से पहले एक सर्वदलीय बैठक बुलाई जाएगी। उन्होंने विधायकों से आग्रह किया कि वे सार्वजनिक मुद्दों को उठाकर उनके समाधान के लिए सत्र का प्रभावी उपयोग करें। बजट सत्र 2 फरवरी को उपराज्यपाल मनोज सिन्हा के संबोधन के साथ शुरू होगा।

उमर अब्दुल्ला के नेतृत्व वाली सरकार 6 फरवरी को अपना दूसरा बजट पेश करेगी। विधानसभा का यह पांचवां सत्र 4 अप्रैल को समाप्त होगा। विधानसभा अध्यक्ष राथर ने बताया कि बजट सत्र को सुचारू रूप से संचालित करने के लिए तैयारियां चल रही हैं। हमने विभिन्न विभागों के साथ बैठकें की हैं। 2 फरवरी को सत्र शुरू होने से पहले सर्वदलीय बैठक बुलाई जाएगी। उपराज्यपाल के संबोधन से पहले व्यापार सलाहकार समिति की बैठक भी निर्धारित है।
विधानसभा सचिवालय के अनुसार फरवरी में 18 दिनों का कार्य होगा। मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला के पास वित्त मंत्रालय का प्रभार भी है, इसलिए वह 6 फरवरी को वित्तीय वर्ष 2026-27 का बजट और 2025-26 के लिए व्यय का पूरक विवरण प्रस्तुत करेंगे। मार्च और अप्रैल में क्रमशः पांच और चार दिनों का कार्य होगा। अध्यक्ष ने बताया कि उपराज्यपाल के अभिभाषण पर धन्यवाद प्रस्ताव पर चर्चा 3 फरवरी से शुरू होकर तीन दिनों तक चलेगी। मुख्यमंत्री से 5 फरवरी को बहस का जवाब देने की उम्मीद है। बजट पर सामान्य चर्चा 7, 9 और 10 फरवरी को होगी, जिसके बाद मुख्यमंत्री अपना जवाब देंगे।
—————
हिन्दुस्थान समाचार / सुमन लता
