सारण, 29 जनवरी (हि.स.)। जिले में उर्दू भाषा के विकास और प्रचार- प्रसार को लेकर जिला प्रशासन की ओर से पहल की जा रही है। आगामी 31 जनवरी को शहर के भिखारी ठाकुर प्रेक्षागृह में जिला स्तरीय फरोग-ए-उर्दू मुशायरा सेमिनार एवं कार्यशाला का भव्य आयोजन किया जाएगा।

जिला उर्दू भाषा कोषांग की प्रभारी पदाधिकारी सह वरीय उप समाहर्ता जेबा अर्शी ने बताया कि कार्यक्रम का विधिवत उद्घाटन जिलाधिकारी वैभव श्रीवास्तव द्वारा सुबह 11 बजे किया जाएगा। इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक विनीत कुमार मुख्य अतिथि के रूप में मौजूद रहेंगे। साथ ही डीडीसी लक्ष्मण तिवारी, एडीएम मुकेश कुमार, नगर आयुक्त सुनील कुमार पाण्डेय सहित जिले के तमाम वरीय प्रशासनिक अधिकारी विशिष्ट अतिथि के तौर पर शिरकत करेंगे।

उर्दू निदेशालय मंत्रिमंडल विभाग बिहार सरकार के तत्वावधान में आयोजित इस कार्यक्रम को तीन चरणों में बांटा गया है पहले चरण के अंतर्गत कार्यशाला का आयोजन होगा, जिसमें उर्दू कर्मियों को उनके कार्यक्षेत्र से संबंधित विशेष प्रशिक्षण दिया जाएगा, दूसरे चरण में सेमिनार का आयोजन होगा जिसमें भाषा विशेषज्ञ उर्दू के वर्तमान स्वरूप और भविष्य की संभावनाओं पर अपनी बहुमूल्य राय साझा करेंगे और अंतिम चरण में दिन भर की बौद्धिक चर्चा के बाद शाम को मुशायरे का आयोजन होगा, जिसमें स्थानीय शायरों के साथ-साथ बाहर से आए मशहूर रचनाकार अपनी गजलें प्रस्तुत करेंगे।
प्रभारी पदाधिकारी जेबा अर्शी ने कहा कि यह आयोजन उर्दू के प्रति रुचि बढ़ाने और सरकारी कामकाज में इस भाषा के प्रभावी उपयोग को सुनिश्चित करने के लिए किया जा रहा है। उन्होंने जिले के सभी उर्दू प्रेमियों, छात्रों और साहित्यकारों से बड़ी संख्या में पहुँचकर इस कार्यक्रम को सफल बनाने और लाभ उठाने का आग्रह किया है
—————
हिन्दुस्थान समाचार / धनंजय कुमार
