जगदलपुर, 15 मार्च (हि.स.)। निगम क्षेत्र अंतर्गत बृजराज नगर इलाके में बीती रात एक पालतू कुत्ता अचानक आक्रामक हो गया और राहगीरों पर झपटने लगा, कुछ लोगों को काटा भी। घटना के बाद इलाके में कुछ देर तक दहशत का माहौल बना रहा और लोग अपनी सुरक्षा के लिए इधर-उधर भागते नजर आए। जिसका सीसीटीव्ही वीडियो भी आज रविवार काे सामने आया है।

स्थानीय लोगों से मिली जानकारी के अनुसार कुत्ते का मालिक रोज की तरह रात में उसे घर के बाहर छोड़ दिया था । लेकिन कुछ ही देर बाद वह अचानक आक्रामक हो गया और सड़क से गुजर रहे लोगों पर हमला करने लगा। एक महिला अपने बच्चे को लेकर वहां से गुजर रही थी। इसी बीच कुत्ते ने उसपर हमला कर दिया। महिला चिल्लाई और बच्ची के साथ गढ्ढे में गिर गई। महिला की आवाज सुनकर आस-पास के लोग भी मौके पर पहुंचे। जिसके बाद कुत्ता उन्हें भी झपटने लगा। लोग अपनी जान बचाने यहां-वहां भागने लगे।
बताया जा रहा है कि कुत्ते ने आस-पास से गुजर रहे कई लोगों पर हमला करने की कोशिश की। इससे घबराकर लोग घरों और दुकानों के भीतर छिप गए। घटना की सूचना मिलते ही आस-पास के लोग भी मौके पर जुट गए और कुत्ते को काबू में करने की कोशिश की गई। स्थानीय निवासियों का कहना है कि पालतू कुत्तों को बिना निगरानी के बाहर छोड़ना खतरनाक हो सकता है। इस घटना के बाद लोगों में सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है। लोगों ने नगर निगम और प्रशासन से ऐसे मामलों में सख्ती बरतने और पालतू जानवरों को खुले में छोड़ने पर कार्रवाई की मांग की है।
—————
हिन्दुस्थान समाचार / राकेश पांडे
