जम्मू, 08 फ़रवरी (हि.स.)। श्री माता वैष्णो देवी विश्वविद्यालय के राष्ट्रीय कैडेट कोर कैडेट्स ने राजस्थान के उदयपुर में आयोजित एक भारत श्रेष्ठ भारत शिविर में शानदार प्रदर्शन कर विश्वविद्यालय का नाम रोशन किया। इस प्रतिष्ठित शिविर में कैडेट वंश परिहार, कैडेट अवंतिका गुप्ता और कैडेट अर्शिया आनंद ने सक्रिय सहभागिता निभाते हुए अकादमिक, सांस्कृतिक एवं खेल गतिविधियों में अपनी प्रतिभा का प्रभावशाली प्रदर्शन किया। शिविर के दौरान कैडेट्स ने सांस्कृतिक कार्यक्रमों, तात्कालिक भाषण, वाद-विवाद प्रतियोगिताओं तथा विभिन्न खेल आयोजनों में भाग लेकर अनुशासन, आत्मविश्वास और टीम भावना का परिचय दिया। विशेष सांस्कृतिक आदान-प्रदान गतिविधि के अंतर्गत पारंपरिक व्यंजन तैयार कर अन्य एनसीसी निदेशालयों के कैडेट्स के साथ साझा किए गए, जिससे भारत की विविध संस्कृति के प्रति आपसी समझ और सौहार्द को बढ़ावा मिला।

खेल प्रतियोगिताओं में भी एसएमवीडीयू के कैडेट्स ने उल्लेखनीय प्रदर्शन किया। कैडेट वंश परिहार ने वाद-विवाद प्रतियोगिता में तृतीय स्थान, रस्साकशी में द्वितीय स्थान प्राप्त किया तथा एंकरिंग के लिए प्रमाण पत्र हासिल किया। वहीं, कैडेट अर्शिया आनंद ने वॉलीबॉल में द्वितीय स्थान और समूह नृत्य में प्रथम स्थान प्राप्त किया। कैडेट अवंतिका गुप्ता ने भी समूह नृत्य में प्रथम स्थान हासिल कर विश्वविद्यालय को गौरवान्वित किया। शिविर के दौरान कैडेट्स ने उदयपुर और आसपास के प्रमुख ऐतिहासिक व सांस्कृतिक स्थलों का भ्रमण कर राजस्थान की समृद्ध विरासत से भी परिचय प्राप्त किया। यह शिविर कैडेट्स के लिए नेतृत्व कौशल, सांस्कृतिक समझ और राष्ट्रीय एकता की भावना को सुदृढ़ करने वाला एक प्रेरणादायी और यादगार अनुभव सिद्ध हुआ।
हिन्दुस्थान समाचार / राहुल शर्मा
