बरेली, 22 मार्च (हि.स.) । पुलिस बल को जागरूक और संवेदनशील बनाने के उद्देश्य से रविवार को रिजर्व पुलिस लाइन सभागार में एचआईवी/एड्स विषय पर एक दिवसीय संवेदीकरण कार्यशाला का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम मुख्यालय महिला एवं बाल सुरक्षा संगठन, उत्तर प्रदेश, लखनऊ के निर्देश पर पुलिस उपमहानिरीक्षक बरेली परिक्षेत्र अजय कुमार साहनी के निर्देशन में आयोजित हुआ।

कार्यशाला में बरेली, बदायूं, शाहजहांपुर और पीलीभीत सहित परिक्षेत्र के विभिन्न जनपदों से कुल 81 पुलिस अधिकारियों व कर्मचारियों ने भाग लिया। इसमें बरेली से 21 तथा अन्य जिलों से 20-20 प्रतिभागी शामिल रहे।
विशेषज्ञों ने एचआईवी/एड्स से जुड़े महत्वपूर्ण विषयों जैसे रोकथाम, जांच, उपचार और मरीजों के प्रति भेदभाव रहित व्यवहार पर विस्तार से जानकारी दी। वक्ताओं ने बताया कि सही जानकारी और जागरूकता से इस बीमारी को नियंत्रित किया जा सकता है।
कार्यक्रम का उद्देश्य पुलिस कर्मियों को न केवल स्वास्थ्य के प्रति सजग बनाना, बल्कि उन्हें समाज में फैली भ्रांतियों को दूर करने के लिए भी तैयार करना रहा।
इस दौरान जिला क्षय रोग अधिकारी डॉ. इंतजार हुसैन, क्लस्टर प्रोग्राम मैनेजर हिना अयाज, सीएसओ प्रेमचंद्र शर्मा, डीएमडीओ आकाश चौधरी, काउंसलर जीशान, प्रोग्राम मैनेजर शालिनी सिंह व नंदा सहित अन्य मौजूद रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / देश दीपक गंगवार
