
श्योपुर, 13 मार्च (हि.स.)। मध्य प्रदेश के श्योपुर में एलपीजी गैस को लेकर दिन-प्रतिदिन बिगड़ रहे हालातों को लेकर शुक्रवार को प्रशासनिक अफसर एजेंसियों पर उपभोक्ताओं को समझाईश देते हुए नजर आये। इस दौरान अधिकारियों द्वारा गैस एजेंसी का भ्रमण कर व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया गया तथा आवश्यक निर्देश दिए गए। साथ ही मौके पर उपस्थित उपभोक्ताओं को भी समझाइश दी गई।

अधिकारियों ने बताया कि गैस सिलेंडरों का पर्याप्त स्टॉक उपलब्ध है, इसलिए घबराने की कोई आवश्यकता नहीं है। उपभोक्ता ऑनलाइन बुकिंग कराकर आसानी से गैस सिलेंडर प्राप्त कर सकते हैं। मालूम हो कि, श्योपुर नगर में विगत दिनों से एलपीजी गैस सिलेंडर मिलने में हो रही कठिनाईयों के चलते एजेंसी पर सुबह से ही उपभोक्ताओं की भीड़ जुट रही है। सिलेंडर की बुकिंग नहीं होने से सिलेंडर नहीं मिल पा रहे हैं, ऐसे में उपभोक्ताओं का आक्रोश बढ़ रहा है।
शुक्रवार को शिवपुरी रोड स्थित इंडेन गैस एजेंसी के बाहर उपभोक्ताओं की भीड़ को बढ़ते देख श्योपुर एसडीएम गगन सिंह मीणा मौके पर पहुंचें, जिन्होंने एजेंसी का निरीक्षण कर स्थिति देखी। साथ ही उपलब्ध गैस सिलेंडरों के स्टॉक, वितरण व्यवस्था तथा उपभोक्ताओं को दी जा रही सेवाओं की जानकारी ली गई। उन्होंने मौके पर मौजूद उपभोक्ताओं से अपील की है कि अफवाहों से प्रभावित होकर कृपया सिलेंडर लेने के लिए अनावश्यक रूप से परेशान ना हों। सर्वर की समस्या के कारण बुकिंग में परेशानी आ रही थी, जिसका निराकरण किया जा चुका है, बुकिंग आम दिनों की तरह करेंगे तो किसी प्रकार की परेशानी नहीं होगी।
भ्रामक सूचना फैलाने और गैस की कालाबाजारी करने वालों पर होगी कार्यवाही
निरीक्षण के दौरान एसडीएम द्वारा उपस्थित उपभोक्ताओं से भी चर्चा करते हुए कहा कि जिले में एलपीजी गैस की किसी प्रकार की कोई कमी नहीं है, ऐसे में किसी भी प्रकार की अफवाहों या भ्रामक सूचनाओं पर ध्यान न दें। यदि कोई व्यक्ति भ्रामक सूचना फैलाता हुआ पाया जाता है तो उसके विरुद्ध नियमानुसार कार्यवाही की जाएगी। इसके अतिरिक्त यदि कोई व्यक्ति गैस की कालाबाजारी करता हुआ पाया जाता है तो उसके विरुद्ध भी कड़ी वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
गैस एजेंसियों को स्टॉक प्रदर्शित करने के निर्देश
जिले के सभी एलपीजी गैस एजेंसी संचालक एजेंसी के बाहर सुसंगत स्थान पर प्रतिदिन का स्टॉक प्रदर्शित करेंगे। इसके तहत स्टॉक में उपलब्ध भरे सिलेण्डर तथा खाली सिलेण्डर की संख्या प्रदर्शित करनी होगी। यह निर्देश अपर कलेक्टर ने गैस एजेंसी संचालकों को दिये हैं। बैठक में स्थानीय गैस एजेंसी संचालक मौजूद रहें। इसके साथ ही विजयपुर, वीरपुर, ढोढर, धामिनी आदि क्षेत्रो के गैस एजेंसी संचालक ऑनलाइन माध्यम से बैठक में शामिल हुए। बैठक में कहा गया है कि सभी एजेंसियां अपने गोदाम में उपलब्ध एलपीजी का दैनिक स्टॉक रजिस्टर एवं डिजिटल रिकॉर्ड अद्यतन रखें तथा प्रशासन द्वारा मांगे जाने पर तत्काल उपलब्ध कराएं।
वैकल्पिक ईंधन का उपयोग करें होटल एवं रेस्टोरेंट संचालक
होटल एवं रेस्टोरेंट संचालकों की बैठक में निर्देश दिये गये हैं कि वर्तमान वैश्विक परिस्थितियों के कारण कमर्शीयल एलपीजी की आपूर्ति प्रभावित हुई है। ऐसे में सभी होटल एवं रेस्टोरेंट संचालकों से अपेक्षा है कि वे एलपीजी का संयमित उपयोग करें तथा प्रशासन के साथ सहयोग करें। उन्होने सुझाव दिया कि होटल संचालक एलपीजी पर निर्भरता कम करने हेतु वैकल्पिक ईंधन स्रोतों का उपयोग बढ़ाएं। ऐसे में इंडक्शन स्टोव, इलेक्ट्रिक कुकिंग, डीजल भट्टी, गो.काष्ठ आधारित चूल्हा, बायोगैस अथवा सोलर कूकर का उपयोग बढाया जा सकता है।
—————
हिन्दुस्थान समाचार / प्रशांत वैष्णव
