आसनसोल, 17 मार्च (हि. स.)। आसनसोल दुर्गापुर पुलिस कमिश्नरेट (एडीपीसी) अंतर्गत सभी मुख्य सड़कों पर ट्रैफिक नियमों का कड़ाई से पालन करने के साथ दुर्घटना पर अंकुश लगाने के लिए ट्रैफिक विभाग कोशिश कर रहा है। इसी क्रम में मंगलवार को बर्नपुर के स्कॉब गेट समीप स्थित डीसी ट्रैफिक कार्यालय में ट्रैक्टर मालिकों के साथ ट्रैफिक पुलिस के पदाधिकारियों ने बैठक की।

बैठक में डीसी ट्रैफिक पीवी सतीश ने ट्रैक्टर मालिकों को पहले से जारी नियमों से अवगत कराने के साथ 30 अप्रैल तक अपने ट्रैक्टरों का सारे कागजात बनाने का निर्देश दिया। इसके साथ निर्धारित समय के पूर्व ट्रैक्टर का परिचालन करने, नाबालिग ट्रैक्टर चालक रखने पर कड़ी कार्रवाई की चेतावनी भी दी।
बैठक में अन्य ट्रैफिक पुलिस अधिकारियों ने ट्रैक्टर परिचालन के दौरान नियमों का उल्लंघन होने पर प्रकाश डाला। जबकि ट्रैक्टर मालिकों ने ट्रैफिक नियमों का पालन करने के साथ अपनी समस्याओं ने ट्रैफिक पुलिस अधिकारियों को अवगत कराया। उन्होंने बताया कि ट्रैक्टर मालिकों को लेकर ट्रैफिक विभाग की ओर से बैठक की गई थी, जिसमें ट्रैक्टर चालकों तथा मालिकों के लिए कुछ दिशा-निर्देश दिए गए। साथ ही आसनसोल शहर में ट्रैक्टर चलने को लेकर समय सीमा निर्धारित की गई। शहर के भीतर गाड़ी की स्पीड 20 किलोमीटर के नीचे होनी चाहिए। ट्रैक्टर चालक का लाइसेंस ठीक करने का निर्देश दिया गया।
बैठक में कहा गया कि आसनसोल शहर में ट्रैक्टरों का परिचालन सुबह 8:30 से 12:30 तक जारी रहेगा उसके बाद 2:30 बजे के बाद ही ट्रैक्टर चालक शहर में दाखिल हो सकते हैं। जुबली पंप से शहर के भीतर घुसते ही ट्रैक्टर की स्पीड 20 किलोमीटर प्रति घंटा के नीचे होनी चाहिए। वरना ट्रैफिक विभाग की ओर से इसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
—————
हिन्दुस्थान समाचार / संतोष विश्वकर्मा
